करायपरसुराय थाना क्षेत्र में अपराध की बाढ़, लूटपाट और चोरी से दहशत

हिलसा (नालंदा दर्पण)। करायपरसुराय थाना क्षेत्र में अपराधियों का बोलबाला बढ़ता जा रहा है। रविवार की दोपहर बेरथू पंचायत के बलौदापर गांव के निकट एक सनसनीखेज लूटपाट की घटना ने क्षेत्र में दहशत फैला दी है। इस घटना में बदमाशों ने न केवल कुरियर ब्वाय से लूटपाट की, बल्कि उसे गंभीर रूप से घायल भी कर दिया। इस तरह की लगातार आपराधिक घटनाओं ने पुलिस की गश्ती व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना रविवार दोपहर की है, जब दनियावां थाना क्षेत्र के नेटार गांव निवासी रंजीत प्रसाद के 34 वर्षीय पुत्र संजय कुमार के अनुसार वे नगरनौसा में अपने कुरियर सेंटर से अमात गांव में डिलीवरी देने गए थे। वापसी के दौरान दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उनका पीछा किया और हथियार के बल पर उन पर हमला कर दिया।
बदमाशों ने संजय के सिर पर हथियार से प्रहार कर उन्हें जख्मी कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने उनके पास मौजूद डिलीवरी सामग्री का थैला, मोबाइल फोन और 17 हजार रुपये नकद लूट लिए। इतना ही नहीं बदमाशों ने संजय की बाइक को सड़क किनारे गड्ढे में धकेल दिया।
घायल संजय को पुलिस की मदद से हिलसा के अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इस मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी शैलजा ने कहा कि कुरियर ब्वाय के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने घटनास्थल से बाइक को बरामद कर थाने लाया है।
यह घटना करायपरसुराय थाना क्षेत्र में अपराध की बढ़ती प्रवृत्ति का एक और उदाहरण है। हाल के दिनों में इस क्षेत्र में भैंस चोरी, छिनतई और अन्य आपराधिक घटनाएं आम हो गई हैं। कुछ ही दिन पहले डियावां पंचायत के चन्दकुरा गांव में ओमप्रकाश के पशुशाला से एक भैंस और उसके बच्चे की चोरी की घटना सामने आई थी। इसके अगले दिन बलौदापर गांव के पास हुई लूटपाट की यह घटना क्षेत्रवासियों के लिए चिंता का विषय बन गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विधानसभा चुनाव को देखते हुए क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके बावजूद अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस की गश्ती और वाहन जांच जैसी प्रक्रियाएं महज खानापूर्ति तक सीमित नजर आ रही हैं। ग्रामीणों में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर इतनी सतर्कता के बावजूद अपराधी इतने बेखौफ क्यों हैं?
करायपरसुराय थाना क्षेत्र में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पुलिस की गश्ती व्यवस्था प्रभावी नहीं है और अपराधियों में कानून का कोई खौफ नहीं दिखता। क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि अपराधियों पर कठोर कार्रवाई की जाए और गश्ती व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाए।





