इस्लामपुरनालंदापुलिसबिग ब्रेकिंगहिलसा

इस्लामपुर पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत 26 खोए मोबाइल ढूंढकर लौटाए

ऑपरेशन ‘मुस्कान’ के तहत इस्लामपुर थाना पुलिस ने तकनीकी जांच से 26 खोए मोबाइल फोन बरामद कर सही धारकों को सौंपे, लोगों में बढ़ा पुलिस पर भरोसा।

इस्लामपुर (नालंदा दर्पण)। इस्लामपुर थाना पुलिस ने एक बार फिर साबित कर दिया कि यदि नीयत और तकनीक साथ हों तो असंभव भी संभव हो सकता है। खोया हुआ मोबाइल मिलना आज के दौर में किसी चमत्कार से कम नहीं माना जाता, लेकिन इस्लामपुर थाना पुलिस ने यह चमत्कार हकीकत में बदल दिया।

ऑपरेशन मुस्कान के तहत इस्लामपुर थाना पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के माध्यम से 26 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके सही मालिकों को सौंपकर लोगों के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी।

इस्लामपुर थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हिलसा डीएसपी-2 कुमार ऋषिराज ने बताया कि आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस लगातार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। इसी कड़ी में मुस्कान योजना के अंतर्गत लंबे समय से खोए मोबाइल फोन को ट्रैक कर बरामद किया गया और सत्यापन के बाद सही मोबाइल धारकों को सौंपा गया।

मोबाइल पाने वालों में भगवानपुर गांव के रामप्रवेश सिंह, हारो बिगहा गांव की सपना कुमारी, गजासराय के रवि कुमार, बड़ी पैठना गांव के सौरभ कुमार, गौरवनगर की श्वेता रानी, मखदुमपुर गांव की ममता देवी, कोरवा गांव के राज कुमार सहित अन्य लाभार्थी शामिल रहे।

मोबाइल वापस मिलने पर लाभार्थियों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें पूरा विश्वास हो चुका था कि अब उनका खोया मोबाइल कभी वापस नहीं मिलेगा। लेकिन पुलिस की सक्रियता और तकनीकी दक्षता ने उनका भरोसा प्रशासन पर और मजबूत कर दिया है। लोगों ने इस सराहनीय पहल के लिए पुलिस प्रशासन का आभार जताया।

इस मौके पर थानाध्यक्ष अनील कुमार पांडेय, दारोगा अरुण कुमार यादव, काजल कुमारी, पूजा कुमारी, सौरव कुमार समेत थाना के अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित थे। सभी ने मिलकर यह संदेश दिया कि आम जनता की मदद और विश्वास बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

 (इस्लामपुर से पत्रकार रामकुमार वर्मा की रिपोर्ट)

Nalanda Darpan

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (mukesh bhartiy) पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.