
इस्लामपुर (नालंदा दर्पण)। इस्लामपुर-राजगीर मुख्य मार्ग से कटवा रसलपुर गांव को जोड़ने वाली पक्की सड़क आज गांव वालों के लिए अभिशाप बन गई हैं। बनने के कुछ साल बाद ही यह सड़क जगह-जगह से टूटकर गड्ढों और कीचड़ का शिकार हो चुकी हैं। हल्की सी बारिश होते ही पूरा रास्ता जलमग्न हो जाता हैं और वाहन चालक राहगीर जान जोखिम में डालकर गुजरते हैं।
कटवा रसलपुर के ग्रामीण रंजीत कुमार, ललेश सिंह, दिलीप कुमार समेत दर्जनों लोगों ने बताया कि यह सड़क अब जानलेवा बन चुकी हैं। गड्ढों में पानी भर जाता हैं। कीचड़ इतना हो जाता हैं कि दोपहिया वाहन फिसलकर गिर पड़ते हैं। कई लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। बच्चे स्कूल जाते समय डरते हैं।
ग्रामीणों का कहना हैं कि सड़क निर्माण के समय ड्रेनेज की कोई व्यवस्था नहीं की गई, जिसके कारण बारिश का पानी निकल नहीं पाता और सड़क हर साल और खराब होती जाती हैं। कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को लिखित-पत्र देकर ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी हैं कि अगर शीघ्र इस सड़क की मरम्मत और उचित ड्रेनेज की व्यवस्था नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उनका कहना हैं कि विकास की बातें तो बहुत होती हैं, लेकिन हमारी यह पक्की सड़क ही टूटकर कच्ची हो गई, फिर हमारा विकास कहां हुआ?





