तकनीकनालंदाफीचर्डबिहार शरीफमीडिया

बस 3 से 15 मिनट तक की मगही शॉर्ट फिल्म बनाइये और पुरस्कार पाईए

नालंदा दर्पण डेस्क। मगही भाषा में मगध की संस्कृति पर आधारित सकारात्मक लघु फिल्म बनाने वालों को 25 हजार रुपये तक का पुरस्कार मिलेगा। मगही भाषा और साहित्य-संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘मगही कनेक्शन’ संस्था ने मगही शॉर्ट फिल्म प्रतियोगिता की अधिकारिक घोषणा की है।

प्रथम पुरस्कार 25,000 रुपये नकद और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा वहीं द्वितीय पुरस्कार में 15,000 रुपये और तृतीय पुरस्कार में 11,000 रुपये की नकद राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा शीर्ष 5 प्रतिभागियों को बतौर प्रशंसा पुरस्कार 5100 रुपये नकद साथ प्रशस्ति पत्र दिया जायेगा।

मगही फिल्म प्रेमियों और नये फिल्मकारों के लिए यह प्रतियोगिता प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर है। मगही में साफ सुथरी और सकारात्मक फिल्मों का निर्माण हो, इसके लिए मगही कनेक्शन द्वारा यह पहल की गयी है। यदि भाषा व संस्कृति को लेकर युवा वर्ग या आमजन अच्छा काम करते हैं तो अच्छे कदम को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

दूसरा मगही महोत्सव 28-29 मार्च 2026 को पटना के बापू टावर में किया जाएगा। पहले दिन साहित्यिक सत्र का आयोजन होगा और दूसरे दिन मगही लघु फिल्म महोत्सव का आयोजन होगा। इसी महोत्सव में चयनित शॉर्ट फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।

इस आयोजन से जुड़े मगही भाषी बॉलीवुड फिल्म निर्देशक धीरज कुमार ने डिजिटल युग में क्षेत्रीय भाषाओं के महत्व को रेखांकित करते हुए फिल्म निर्माण से जुड़े रचनाकारों, युवाओं और कलाकारों को इस महोत्सव में भाग लेने का आमंत्रण दिया।

विहान, काशी, सुस्वागतम ख़ुशदीद आदि फिल्मों के निर्देशक पटना निवासी मगहिया भाष धीरज ने बताया कि जो भी फिल्में चयनित होंगी, उनके निर्देशकों को वे अपनी फिल्म में बतौर सहायक निर्देशक मौका भी देंगे।

संस्था के सचिव रविशंकर ने बताया कि यह महोत्सव न केवल कलाकारों को मंच देगा, बल्कि मगही भाषा के संरक्षण और संवर्धन के लिए महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। प्रतिभागियों को अपने कार्य सोशल मीडिया पर भी साझा करने के लिए प्रेरित किया गया है। इससे क्षेत्रीय सिनेमा की पहुंच और पहचान मजबूत होगा। भाषाई दरिद्रता के बीच मातृभाषाओं पर कार्यक्रम ही अपने आप में विशिष्ट हैं।

मीडिया प्रभारी विद्या सागर ने बताया कि फिल्म का विषय मगही समाज, संस्कृति, इतिहास, लोक-कला, लोक-कथाओं, जीवन शैली, उद्यमिता व सकारात्मक प्रयासों पर आधारित होना चाहिए। फिल्म पूर्ण रूप से मौलिक होनी चाहिए और किसी अन्य के कॉपीराइट का उल्लंघन नहीं होना चाहिए।

शॉर्ट फिल्म का निर्माण किसी भी डिवाइस मसलन कैमरा या मोबाइल से किया जा सकता है। न्यूनतम 720 पिक्सेल व एचडी वीडियो गुणवत्ता आवश्यक है। प्रतिभागी अपनी फिल्में ईमेल- magahiassociation@g mail.com पर गूगल ड्राइव के लिंक के माध्यम से 1 मार्च 2026 तक भेज सकते हैं।

पुरस्कार वितरण समारोह 29 मार्च 26 को मगही महोत्सव में फिल्म फेस्टिवल के दरम्यान आयोजित होगा। इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य मगही फिल्मों के निर्माण को प्रोत्साहित करना और नई प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.