एकंगरसरायतेल्हाड़ानालंदाबिग ब्रेकिंगहादसाहिलसा

मातम में बदलीं तिलक की खुशियां: दर्दनाक सड़क हादसा में 3 चचेरे भाइयों की मौत, 2 युवक गंभीर

हिलसा (नालंदा दर्पण)। तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र के कठार पुल के पास अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा ने तीन घरों की रोशनी हमेशा के लिए बुझा दी। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर पुल के डिवाइडर से जा टकरायी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार युवकों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हैं और पटना के पीएमसीएच में उनका इलाज चल रहा है।

तिलक की खुशियां, लौटते वक्त काल बन गईंः मिली जानकारी के अनुसार जहानाबाद नगर थाना क्षेत्र के टेनीबिगहा गांव के चार-पांच युवक अपने एक दोस्त की बहन के तिलक समारोह में शामिल होने नालंदा जिले के एकंगरसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत भतूबिगहा गांव गए थे। समारोह में हंसी-खुशी रस्में पूरी हुईं। देर रात करीब 3 बजे सभी युवक स्विफ्ट कार से वापस जहानाबाद लौट रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कठार पुल के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी कार को चकमा दे दिया। चालक संतुलन खो बैठा और कार तेज रफ्तार में सीधे पुल के डिवाइडर/पुलिया से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

तीन चचेरे भाईयों की मौतः इस हादसे में टेनीबिगहा गांव निवासी रोहित कुमार (पिता दिलीप यादव), सोनू कुमार (पिता रवि शंकर उर्फ नुनू यादव), उद्देश्य कुमार (पिता उदय यादव) की मौत हो गई। रोहित और उद्देश्य आपस में चचेरे भाई थे। बताया जाता है कि सभी मृतक आपस में रिश्तेदारी में जुड़े थे और एक साथ कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।

सोनू और रोहित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल उद्देश्य कुमार को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

दो युवक पीएमसीएच में भर्तीः हादसे में घायल अन्य युवकों में कुल्लू (पिता संजय यादव) और सूरज शामिल हैं। दोनों का इलाज पटना के पीएमसीएच में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार एक की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

गांव में पसरा मातमः मौत की खबर मिलते ही टेनीबिगहा गांव में कोहराम मच गया। जिस घर में शादी की शहनाइयों की चर्चा थी, वहां अब चीख-पुकार और मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर आंख नम है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि सभी युवक हंसमुख और मिलनसार स्वभाव के थे। एक ही परिवार के तीन चिराग एक साथ बुझ जाने से पूरा गांव स्तब्ध है।

पुलिस जांच में जुटीः तेल्हाड़ा थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है। अज्ञात वाहन की पहचान और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की भयावह तस्वीर सामने लाता है। एक पल की चूक ने तीन जिंदगियां छीन लीं और कई परिवारों को जिंदगी भर का दर्द दे गया।

समाचार स्रोत: मुकेश भारतीय / मीडिया रिपोर्टस्

Nalanda Darpan

नालंदा दर्पण (Nalanda Darpan) के संचालक-संपादक वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (Mukesh Bhartiy) पिछले 35 वर्षों से समाचार लेखक, संपादक और संचार विशेषज्ञ के रूप में सक्रिय हैं। उन्हें समसामयिक राजनीति, सामाजिक मुद्दों, स्थानीय समाचार और क्षेत्रीय पत्रकारिता पर गहरी पकड़ और विश्लेषणात्मक अनुभव है। वे तथ्य आधारित, निष्पक्ष और भरोसेमंद रिपोर्टिंग के माध्यम से पाठकों तक ताज़ा खबरें और सटीक जानकारी पहुँचाने के लिए जाने जाते हैं। एक्सपर्ट मीडिया न्यूज़ (Expert Media News) सर्विस द्वारा प्रकाशित-प्रसारित नालंदा दर्पण (Nalanda Darpan) के माध्यम से वे स्थानीय समाचार, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका मानना है कि स्थानीय पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी, प्रमाण और जनहित के साथ सामने रखना है। ताकि एक स्वस्थ समाज और स्वच्छ व्यवस्था की परिकल्पना साकार हो सके। More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

error: Content is protected !!