चंडीअपराधगाँव-जवारनालंदाफीचर्डबिग ब्रेकिंगहिलसा

चंडी में कलयुगी बेटों ने मां की गला रेतकर की हत्या, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

नालंदा दर्पण डेस्क। नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत बदौरा गांव में जमीन और मकान विवाद ने मां-बेटे के रिश्ते को शर्मसार कर दिया। बुधवार देर रात कथित तौर पर दो बेटों ने अपनी ही मां की गला रेतकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान बदौरा गांव निवासी स्वर्गीय रामचंद्र प्रसाद की पत्नी जिलवी देवी के रूप में हुई है।

इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर करीब तीन घंटे तक सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।

बताया जाता है कि उनका मायका भी बदौरा गांव में ही था और वे पिछले कुछ समय से वहीं रह रही थीं। परिवार में जमीन और मकान को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिजनों के अनुसार मृतका अपने ही बेटों के व्यवहार से भयभीत रहती थीं।

मृतका के छोटे बेटे रवि ने आरोप लगाया कि बड़े और मंझले भाई का मां के साथ अक्सर जमीन को लेकर विवाद होता था। उसने बताया कि उसकी मां कई बार अनहोनी की आशंका जता चुकी थीं। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद दोनों भाइयों ने मिलकर घटना को अंजाम दिया।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में भारी संख्या में लोग जुट गए। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए सड़क जाम कर दिया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। बाद में अधिकारियों के समझाने-बुझाने और जल्द गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कराया गया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि मृतका ने पहले भी अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसको लेकर ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति काफी आक्रोश देखा गया।

चंडी थाना प्रभारी अखिलेश झा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हत्या के आरोपित दोनों पुत्रों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। गांव के लोग इसे रिश्तों और मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाली घटना बता रहे हैं।

Nalanda Darpan

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (mukesh bhartiy) पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.