
इस्लामपुर (नालंदा दर्पण)। खुदागंज थाना क्षेत्र के सेरथुआ खुर्द गांव में हुए सन्नी हत्याकांड के विरोध में मंगलवार को भीम आर्मी के बैनर तले कैंडिल मार्च निकाला गया। मार्च में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर हत्या के आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
कैंडिल मार्च गांव से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए केवी तिनमुहानी पहुंचा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी, त्वरित न्याय, मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग उठाई।
मार्च में शामिल लोगों का कहना था कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में आक्रोश है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो जिला प्रशासन कार्यालय का घेराव कर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
कैंडिल मार्च में मृतक की पत्नी ममता देवी के अलावा रंजीत पासवान, हरेंद्र पासवान, निराला कुमार, सूर्यदेव पासवान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और भीम आर्मी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
गौरतलब है कि सेरथुआ खुर्द गांव में दिनदहाड़े सन्नी पासवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव और लोगों में आक्रोश का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग पुलिस से जल्द से जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा करने की मांग कर रहे हैं।






