दिनदहाड़े शिक्षक कॉलोनी में लाखों की चोरी, CCTV में कैद हुआ संदिग्ध चोर
मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर चोर ने वारदात को दिया अंजाम, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शुरू की जांच।

इस्लामपुर (नालंदा दर्पण)। इस्लामपुर नगर स्थित शिक्षक कॉलोनी में मंगलवार को दिनदहाड़े एक किराए के मकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। चोर घर का ताला तोड़कर करीब 50 हजार रुपये नकद एवं लगभग सात लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे पुलिस को जांच में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
पीड़ित गृहस्वामी शंभू प्रसाद, जो सिलाव थाना क्षेत्र के डिल्लू बिगहा गांव के निवासी हैं, ने बताया कि वे इस्लामपुर की शिक्षक कॉलोनी में परिवार के साथ किराए के मकान में रहते हैं। मंगलवार सुबह वे अपनी दुकान चले गए थे, जबकि बेटा और बेटी घर में ताला लगाकर औंगारी कॉलेज पढ़ने चले गए थे।
करीब दोपहर 1:30 बजे जब परिवार के सदस्य घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर प्रवेश करने पर कमरे में रखा बक्सा भी टूटा हुआ था। जांच करने पर उसमें रखे 50 हजार रुपये नकद तथा लगभग सात लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले। चोरी का पता चलते ही परिवार के होश उड़ गए।
पीड़ित के अनुसार, चोरी की पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति की तस्वीर स्पष्ट दिखाई दे रही है। घटना की सूचना तत्काल इस्लामपुर थाना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना से शिक्षक कॉलोनी सहित आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से नियमित गश्त बढ़ाने और शीघ्र अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
- इस्लामपुर नगर परिषद में ‘विकास बाबू’ का हाई-वोल्टेज कीर्तन!
- सन्नी हत्याकांड के विरोध में कैंडिल मार्च, आंदोलन की चेतावनी






