इस्लामपुर में एक परिवार ने डकैतों के सामने दिखाई बहादुरी, 5 जख्मी

इस्लामपुर (नालंदा दर्पण)। बीती रात इस्लामपुर नगर के उत्तरी पटेल नगर मुहल्ला स्थित गायत्री मंदिर के पास एक सनसनीखेज घटना ने स्थानीय लोगों को दहशत में डाल दिया। आठ से दस हथियारबंद अपराधियों ने एक घर में घुसकर डकैती का प्रयास किया, लेकिन परिवार के साहसी प्रतिरोध के कारण वे अपने मंसूबों में पूरी तरह कामयाब नहीं हो सके। इस दौरान अपराधियों ने घर के पांच सदस्यों को चाकू और पिस्तौल के बट से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। भागते समय अपराधी 20 हजार रुपये नकद और परिवार के मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।

गृहस्वामी मनोज कुमार के अऩुसार बीती रात करीब दो बजे जब पूरा परिवार गहरी नींद में था, तब घर में खटपट की आवाज सुनकर उनकी पत्नी की नींद खुली। उन्होंने तुरंत मनोज को जगाया और जब दोनों ने देखा तो पाया कि आठ-दस हथियारबंद अपराधी घर में घुस आए थे। अपराधियों ने घर के छज्जे पर कपड़ा बांधकर उसके सहारे अंदर प्रवेश किया था।

मनोज और उनकी पत्नी ने शोर मचाकर अन्य परिवारजनों को जगाने की कोशिश की, जिससे अपराधी बौखला गए। उन्होंने मनोज और उनकी पत्नी को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया। शोर सुनकर मनोज के भाई अशोक कुमार, पिता सुरेंद्र प्रसाद, मां संपतिया देवी और पुत्र बिट्टू कुमार भी जाग गए और अपराधियों का विरोध करने लगे। इस दौरान परिवार ने न केवल शोर मचाया, बल्कि अपराधियों से भिड़कर उनका डटकर मुकाबला किया।

अपराधियों ने डकैती में असफल होने पर गुस्से में आकर परिवार के पांच सदस्यों मनोज कुमार, सुरेंद्र प्रसाद, अशोक कुमार, संपतिया देवी और बिट्टू कुमार पर चाकू और पिस्तौल के बट से हमला कर दिया। इस हमले में सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। फिर भी परिवार के साहस के कारण अपराधी अपनी योजना को पूरी तरह अंजाम नहीं दे सके। भागते समय वे मनोज के कमरे में बिछावन के नीचे रखे 20 हजार रुपये और परिवार के मोबाइल फोन लूटकर ले गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत इस्लामपुर सरकारी अस्पताल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही हिलसा 2 डीएसपी गोपाल कृष्ण और इस्लामपुर थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली और जांच शुरू की।

डीएसपी गोपाल कृष्ण ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मामले का जल्द ही खुलासा कर लिया जाएगा।

हालांकि इस्लामपुर जैसे छोटे शहर में इस तरह की सनसनीखेज घटना पहली बार हुई है, जिसने स्थानीय लोगों में दहशत पैदा कर दी है। लोग पुलिस गश्ती और रात्रि सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। कई लोगों का मानना है कि यदि रात में गश्ती बढ़ाई जाए तो ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

अन्य समाचार