Home बिंद ट्रैक्टर से दबकर नौसिखिया चालक की मौत, खलासी गंभीर

ट्रैक्टर से दबकर नौसिखिया चालक की मौत, खलासी गंभीर

A novice driver died after being crushed by a tractor, the cleaner is serious
A novice driver died after being crushed by a tractor, the cleaner is serious

बिहारशरीफ (नालंदा दर्पण)। बिंद थाना क्षेत्र के उतर गांव के ढाई पीपल के समीप ओंदा मार्ग मोड़ पर एक दर्दनाक हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर 20 फीट गहरी खाई में पलट गया। इस भीषण दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि ट्रैक्टर पर सवार एक नाबालिग खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक की पहचान दरियापुर गांव निवासी 20 वर्षीय राहुल कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायल 13 वर्षीय किशोर जिलाजीत कुमार है, जो दरियापुर निवासी शैलेंद्र राम का पुत्र है।

जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर से मिट्टी ढुलाई का कार्य किया जा रहा था। मृतक राहुल एक नौसिखिया चालक था और वह अपने नाबालिग खलासी जिलाजीत को ट्रैक्टर चलाना सिखा रहा था। इसी दौरान मोड़ पर ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि ट्रैक्टर के नीचे दबने से राहुल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि जिलाजीत गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बिंद थाना पुलिस को सूचित किया। एसआई नागेंद्र चौधरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और ट्रैक्टर के मलबे से राहुल के शव को बाहर निकाला। घायल जिलाजीत को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ले जाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बिहारशरीफ रेफर कर दिया गया।

राहुल चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था और उसकी शादी को अभी महज 10 माह ही हुए थे। अचानक पति की मौत की खबर से उसकी पत्नी सदमे में है। जबकि माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लिए यह अपूरणीय क्षति है।

पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

यह हादसा सड़क सुरक्षा और प्रशिक्षित चालकों की आवश्यकता पर गंभीर सवाल उठाता है। नौसिखिया चालकों और नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति देना ऐसी दुर्घटनाओं को न्योता देता है। प्रशासन और समाज को इस दिशा में जागरूकता और कड़े कदम उठाने की जरूरत है। ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version