इंटर छात्र की गला रेतकर हत्या, बोरे में बंद मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

थरथरी (नालंदा दर्पण)। थरथरी थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। अपने घर से लापता एक छात्र का शव थरथरी बाजार के पीछे एक आलू के खेत से बरामद किया गया। शव प्लास्टिक की पीली बोरी में बंद था, जिसे बिजली के तार से सिलकर फेंका गया था।

मृतक की पहचान रायपुर कोयल बिगहा गांव निवासी विनय कुमार के पुत्र अंशु कुमार (19) के रूप में हुई है। अंशु इंटर की पढ़ाई कर रहा था और अपने दो भाइयों व दो बहनों में सबसे बड़ा था।

सुबह खेत में बोरी देख ग्रामीणों को संदेह हुआ। पास जाने पर बोरी पर खून के धब्बे नजर आए, जिसके बाद तत्काल थरथरी थाना को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और बोरी खुलवाई तो अंदर अंशु कुमार का शव मिला।

शव के गले पर गहरा जख्म था, जिससे स्पष्ट है कि उसकी धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या की गई है। हैरानी की बात यह रही कि जिस खेत में शव मिला, वहां खून के निशान नहीं थे। इससे पुलिस को आशंका है कि हत्या किसी अन्य स्थान पर कर शव को यहां लाकर फेंका गया।

परिजनों के अनुसार अंशु रविवार की दोपहर करीब दो–तीन बजे घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने और मोबाइल बंद रहने से परिवार की चिंता बढ़ गई। रात भर खोजबीन के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला तो सोमवार की सुबह परिजन गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे।

इसी दौरान शव मिलने की सूचना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। शव की पहचान होते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक के चाचा ओम प्रकाश ने बताया कि परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। अंशु सीधा-सादा और पढ़ाई पर ध्यान देने वाला लड़का था। उन्होंने हत्या को बेहद निर्मम बताते हुए दोषियों को कड़ी सजा की मांग की।

वहीं ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि घटना के पीछे प्रेम-प्रसंग या दोस्तों के बीच रुपये के लेनदेन का विवाद हो सकता है, हालांकि पुलिस अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है।

हिलसा डीएसपी-1 कुमारी शैलजा के अनुसार घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल की बारीकी से जांच कराई गई है। बोरी की सिलाई, खून के नमूने और अन्य फॉरेंसिक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। मृतक का मोबाइल भी गायब है, जिसकी कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या के समय और हथियार की पुष्टि होगी।

पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि फॉरेंसिक साक्ष्य, डिजिटल रिकॉर्ड और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस हत्यारों की तलाश में जुटी हुई है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

ट्रेंडिंग न्यूज