CM नीतीश ने राजगीर क्रिकेट स्टेडियम और बुद्ध सर्किट फोर लेन का किया निरीक्षण

बिहारशरीफ (नालंदा दर्पण) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज राजगीर में निर्माणाधीन क्रिकेट स्टेडियम और प्रस्तावित सालेपुर-राजगीर बुद्ध सर्किट फोर लेन पथ के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने और समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

राजगीर खेल परिसर में निर्माणाधीन अंतर्राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम का निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को  बताया कि यह स्टेडियम 40 हजार दर्शकों की बैठने की क्षमता के साथ बनाया जा रहा है। स्टेडियम में खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए सभी मूलभूत सुविधाओं, जैसे कि- आधुनिक ड्रेसिंग रूम, मीडिया गैलरी और अन्य आवश्यक सुविधाओं का ध्यान रखा जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिया कि गुणवत्ता के साथ-साथ समयबद्धता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने कहा कि यह स्टेडियम न केवल राजगीर बल्कि पूरे बिहार के लिए एक महत्वपूर्ण खेल अवसंरचना होगा, जो युवाओं को खेल के क्षेत्र में प्रोत्साहित करेगा।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने सालेपुर से राजगीर तक प्रस्तावित बुद्ध सर्किट फोर लेन पथ के एलायनमेंट का सालेपुर मोड़ और बेलऊआ में स्थल निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने बताया कि इस पथ के निर्माण में रेलवे लाइन के ऊपर एक एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जाएगा, जो यातायात को और सुगम बनाएगा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस परियोजना को जल्द शुरू करने और समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस पथ के बनने से पटना से राजगीर की दूरी कम होगी और यात्रियों को आवागमन में सुविधा होगी। यह पर्यटन और स्थानीय लोगों के लिए भी लाभकारी होगा।

मुख्यमंत्री ने हसनपुर में निर्माणाधीन डाइवर्सन का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।

इसके बाद राजगीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में उन्होंने अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। इस बैठक में राजगीर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों, वैकल्पिक पथों के निर्माण और क्रिकेट स्टेडियम की प्रगति पर विस्तृत चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए ताकि राजगीर को एक वैश्विक पर्यटन और खेल केंद्र के रूप में और अधिक विकसित किया जा सके।

इस अवसर पर सांसद कौशलेन्द्र कुमार, विधायक कौशल किशोर, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार और कुमार रवि, आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक, नालंदा के जिलाधिकारी कुन्दन कुमार, पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम, और नालंदा के पुलिस अधीक्षक भारत सोनी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

अन्य समाचार