कटिहार के किशोर ने हिलसा में ऐसा किया कांड कि घंटों हवा में यूं लटकी रही पुलिस

बिहारशरीफ (नालंदा दर्पण)। हिलसा थाना क्षेत्र के कामता हॉल्ट के समीप सोमवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक किशोर युवक जान की परवाह किए बिना 132 केवी हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया।

देखते ही देखते यह घटना ‘हाई वोल्टेज ड्रामे’ में बदल गई, जिसने न सिर्फ ग्रामीणों बल्कि पुलिस और प्रशासन की भी सांसें अटका दीं। करीब ढाई घंटे तक युवक टावर के सबसे ऊपरी हिस्से पर बैठा रहा और नीचे खड़ी हिलसा पुलिस बेबस होकर उसे समझाने की कोशिश करती रही।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक पहले आसपास के खेतों में भटकता नजर आया। खेत में पटवन कर रहे किसानों को कुछ अनहोनी की आशंका हुई, लेकिन इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, युवक तेजी से हाईटेंशन टावर पर चढ़ने लगा।

Hilsa high tension tower drama nalanda132kv news 3

ग्रामीणों ने शोर मचाकर उसे रोकने का प्रयास किया, पर वह नहीं माना और देखते ही देखते ऊंचाई पर जा पहुंचा। इसके बाद वह नीचे खड़े लोगों से इशारों में बातचीत करता रहा, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही हिलसा पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल बिजली विभाग को अलर्ट किया गया। गनीमत रही कि समय रहते 132 केवी लाइन की सप्लाई काट दी गई, अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था।

इसके बावजूद युवक को नीचे उतारना पुलिस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं था। पुलिसकर्मी लगातार उसे समझाते रहे, लेकिन युवक टावर से उतरने को तैयार नहीं था।

काफी मशक्कत और घंटों की काउंसलिंग के बाद जब युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया तो उसने जो कारण बताया, उसे सुनकर मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए। युवक का कहना था कि उसे बहुत ज्यादा ठंड लग रही थी, इसलिए वह टावर के ऊपर धूप सेंकने के लिए चढ़ गया था। यह जवाब सुनकर पुलिस भी कुछ देर के लिए अवाक रह गई।Hilsa high tension tower drama nalanda132kv news 2

पूछताछ में युवक की पहचान जिले के परसाई गांव निवासी जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि वह पिछले करीब एक महीने से नालंदा जिले के विभिन्न इलाकों में भटक रहा था और उसे अपने घर का सही पता तक याद नहीं है।

फिलहाल पुलिस युवक को हिरासत में लेकर उसके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। साथ ही उसकी चिकित्सकीय जांच भी कराई जा रही है, ताकि उसकी मानसिक स्थिति का सही आकलन किया जा सके। घटना के दौरान लोगों की भारी भीड़ जुटी रही और यह मामला चर्चा का विषय बना रहा।

बिहारशरीफ से प्रभात सोनी की रिपोर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

ट्रेंडिंग न्यूज