राजगीरनालंदाबिग ब्रेकिंगसिलावहादसा

पंचाने नदी में अवैध बालू खनन ने भैया दूज के दिन ली दो भाइयों जान

सिलाव (नालंदा दर्पण)। भाई-बहन के अटूट प्रेम के पर्व ‘भैया दूज’ के पावन दिन नालंदा के सिलाव थाना क्षेत्र से एक हृदय विदारक खबर सामने आई है। दरिया सराय गांव के पास पंचाने नदी में डूबने से दो चचेरे भाइयों 15 वर्षीय अमन कुमार और 13 वर्षीय हिमांशु कुमार की दुखद मौत हो गई है। यह घटना उस समय की है, जब दोनों किशोर स्नान करने के लिए नदी किनारे गए थे।

मृतक किशोर शशिभूषण प्रसाद का पुत्र अमन कुमार और पप्पू प्रसाद का पुत्र हिमांशु कुमार था। दोनों बिहारशरीफ में रहकर पढ़ाई करते थे और दीपावली तथा भैया दूज का पर्व मनाने के लिए अपने घर दरिया सराय गांव आए थे। दोपहर करीब तीन बजे दोनों घर से निकले थे। देर शाम तक वापस न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

गुरुवार की सुबह नदी किनारे जानवर चराने गए ग्रामीणों ने दो जोड़ी चप्पलें और कपड़े देखे, जिससे अनहोनी की आशंका हुई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने पहचान की, जिसके बाद ग्रामीणों की मदद से नदी में खोज शुरू की गई। कुछ ही देर बाद दोनों लड़कों के शव नदी के गहरे गड्ढों से बरामद किए गए।

इस दर्दनाक घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा अवैध बालू खनन पर फूट पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचाने नदी में हो रहे अवैध बालू खनन के कारण ही नदी में गहरे और खतरनाक गड्ढे बन गए हैं, जिससे डूबने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन से बालू खनन पर तत्काल और स्थायी रोक लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदी से बचा जा सके।

घटना की सूचना मिलते ही सिलाव थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने ग्रामीणों को शांत कराया और शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पर्व के दिन हुई इस दुखद घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

Admin

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (Admin) पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.