इस्लामपुर (नालंदा दर्पण)। नालंदा जिले के इस्लामपुर नगर क्षेत्र में दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मलविगहा मुहल्ला निवासी 26 वर्षीय मो. फैजान की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई।
चौंकाने वाली बात यह है कि परिजनों का आरोप है कि फैजान को उसका ही एक दोस्त घर से बुलाकर ले गया था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। अगले दिन उसका शव पइन के किनारे मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
घर से बुलाकर ले गया दोस्त, फिर नहीं लौटा युवकः मृतक की पत्नी मेहरु नीशा ने बताया कि शनिवार देर शाम एक दोस्त फैजान को घर से बुलाकर अपने साथ ले गया था। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता होने लगी। परिवार के लोगों ने आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला।
रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने पइन के पास एक शव पड़े होने की सूचना दी। जब परिजन वहां पहुंचे तो देखा कि वह शव मो. फैजान का ही है। शव की हालत देखकर परिजन सन्न रह गए।
शरीर पर चोट के निशान, हत्या की आशंकाः परिजनों के अनुसार मृतक का एक हाथ टूटा हुआ था और सीने पर गहरे चोट के निशान पाए गए, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस तरह से शव मिला और शरीर पर चोट के निशान थे, उससे यह मामला किसी गहरी साजिश की ओर इशारा करता है। पुलिस भी हत्या के विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
फल बेचकर करता था परिवार का पालन-पोषणः मो. फैजान फल बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा महज चार महीने का एक मासूम बेटा है। अचानक हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी मेहरु नीशा का रो-रोकर बुरा हाल है। वह प्रशासन से पति के हत्यारे को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रही है।
प्राथमिकी दर्ज, आरोपी फरारः इस संबंध में इस्लामपुर थानाध्यक्ष अनील कुमार पांडेय ने बताया कि घटना स्थल की जांच एफएसएल टीम द्वारा की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
मृतक की पत्नी के बयान पर एक नामजद आरोपी समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
पटना से लापता युवती इस्लामपुर में प्रेमी के साथ पकड़ाया
एक अनय समाचार के अनुसार पटना जिले से लापता एक 19 वर्षीय युवती को पुलिस ने इस्लामपुर से उसके प्रेमी के साथ बरामद कर लिया है। यह कार्रवाई गोपालपुर थाना पुलिस द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
बताया जाता है कि 11 मार्च से पटना के बैरिया इलाके से युवती गायब थी, जिसके बाद परिजनों ने थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
इसी दौरान गोपालपुर थाना के दारोगा नंदकिशोर सिंह को गुप्त सूचना मिली कि युवती इस्लामपुर नगर के पश्चिमी पटेलनगर मुहल्ले में अपने प्रेमी के साथ रह रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने छापेमारी कर दोनों को बरामद कर लिया।
पुलिस दोनों को अपने साथ लेकर पटना जा रही है, जहां युवती का बयान दर्ज किया जाएगा और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। समाचार स्रोतः रामकुमार वर्मा/नालंदा दर्पण



