कतरीसरायअपराधनालंदाबिग ब्रेकिंगराजगीर

सुंदर महिला के साथ रहकर उसे गर्भवती बना लाखों कमाने का झांसा, 5 साइबर ठग धराए

कतरीसराय (नालंदा दर्पण)। सोशल मीडिया के जरिए भोले-भाले युवकों को प्रेमजाल में फंसाकर मोटी रकम ऐंठने वाले एक साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए कतरीसराय पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की। सुंदरपुर और बरीठ गांव के बीच खेत-खंधा में सक्रिय ठग गिरोह के पांच सदस्यों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक विधि विरुद्ध बालक भी शामिल है।

थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुशवाहा ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त क्षेत्र में साइबर ठगी करने वाला गिरोह सक्रिय है। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस अधीक्षक, नालंदा के निर्देशानुसार उनके नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल गठित किया गया। टीम ने सुनियोजित तरीके से घेराबंदी कर खेत-खंधा में छापेमारी की और पांचों आरोपियों को ठगी करते हुए दबोच लिया।

ऐसे देते थे झांसाः पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य व्हाट्सएप के माध्यम से सुंदर महिला की आकर्षक तस्वीर भेजकर युवकों से संपर्क साधते थे। इसके बाद साथ रहने और गर्भवती करने पर मोटी रकम देने का प्रलोभन देकर उनसे रजिस्ट्रेशन, प्रोसेसिंग या सिक्योरिटी फीस के नाम पर हजारों-लाखों रुपये ठग लेते थे। रकम मिलते ही संपर्क तोड़ दिया जाता था।

ये हैं गिरफ्तार आरोपीः गिरफ्तार आरोपियों में मैरा गांव निवासी शिवराज यादव का पुत्र प्रभात कुमार, सकुचीडीह गांव निवासी नरेश चौधरी का पुत्र नितिश कुमार, गोवर्धन बिगहा गांव निवासी नागेंद्र प्रसाद का पुत्र प्रीतम कुमार तथा नवादा जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मुडलाचक गांव निवासी अशोक यादव का पुत्र अनिल कुमार शामिल हैं। एक विधि विरुद्ध बालक को भी हिरासत में लिया गया है, जिसकी विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

बरामदगीः पुलिस ने आरोपियों के पास से ठगी में प्रयुक्त 07 मोबाइल फोन, कई सिम कार्ड तथा साइबर अपराध से संबंधित डिजिटल सामग्री बरामद की है। जब्त उपकरणों की तकनीकी जांच की जा रही है, जिससे गिरोह के नेटवर्क और अन्य संभावित पीड़ितों की जानकारी मिल सके।

छापेमारी दलः इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुशवाहा के साथ सअनि मनीष कुमार, धर्मेन्द्र कुमार, रूदल पासवान, संजय दास सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

पुलिस का कहना है कि साइबर ठगी के इस नए ट्रेंड को लेकर लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। अनजान नंबर से आने वाले आकर्षक प्रस्तावों और अवास्तविक लालच से बचें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

समाचार स्रोत: कतरीसराय संवाददाता

मुकेश भारतीय

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (mukesh bhartiy) पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.