Home खेल-कूद Khelo India Youth Games: पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन, राजगीर में तैयारी तेज

Khelo India Youth Games: पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन, राजगीर में तैयारी तेज

Khelo India Youth Games: PM Modi will inaugurate, preparations in full swing in Rajgir
Khelo India Youth Games: PM Modi will inaugurate, preparations in full swing in Rajgir

राजगीर (नालंदा दर्पण)। बिहार में पहली बार खेलो इंडिया यूथ गेम्स (Khelo India Youth Games) 2025 का आयोजन होने जा रहा है, जो 4 से 15 मई तक चलेगा। इस प्रतिष्ठित खेल आयोजन का उद्घाटन देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। इस सातवें संस्करण में बिहार के पांच शहरों- राजगीर, पटना, भागलपुर, बेगूसराय और गया में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। राजगीर में कुछ इवेंट्स भी होंगे। जिसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

फिलहाल राजगीर खेल परिसर को अपग्रेड करने का काम तेजी से चल रहा है। मुख्यालय स्तर से इसकी मॉनिटरिंग की जा रही है। जबकि संबंधित अधिकारी नियमित रूप से खेल परिसर का निरीक्षण कर कार्यों का अनुश्रवण कर रहे हैं। राज्य खेल अकादमी राजगीर के उप निदेशक मिथलेश कुमार ने बताया कि तैयारियां पूरे जोश के साथ चल रही हैं। प्रतिदिन अधिकारियों की बैठकें हो रही हैं और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के साथ-साथ जिला प्रशासन भी तैयारियों की समीक्षा कर रहा है।

राजगीर में पांच खेल प्रतियोगिताओं- तलवारबाजी, हॉकी, डेड-लिफ्टिंग, मुक्केबाजी और कबड्डी का आयोजन होगा। खिलाड़ियों की सुविधा के लिए वातानुकूलित कमरे तैयार किए जा रहे हैं। ताकि मई की गर्मी में उन्हें कोई परेशानी न हो। इसके अलावा आवासन, भोजन, सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, खेल मैदान, पेयजल, साफ-सफाई, ट्रांसपोर्टेशन और शौचालय जैसी सभी सुविधाओं को दुरुस्त करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

इस बार खेलो इंडिया यूथ गेम्स में कुल 28 खेल शामिल होंगे। जिनमें एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, मुक्केबाजी, साइक्लिंग, तलवारबाजी, फुटबॉल, गटका, जिमनास्टिक, हॉकी, जूडो, कबड्डी, कलारीपयट्ट, खो-खो, मलखंब, शूटिंग, तैराकी, सेपक टकरा, टेबल टेनिस, टेनिस, थांग-टा, वॉलीबॉल, वेटलिफ्टिंग, कुश्ती, योगासन, रग्बी और ई-स्पोर्ट्स (प्रदर्शनी खेल) शामिल हैं। इस आयोजन में देशभर से करीब 10000 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। जिसमें खिलाड़ी और वॉलंटियर्स शामिल हैं।

बता दें कि साल 2024 में तमिलनाडु के चार शहरों- चेन्नई, मदुरै, त्रिची और कोयंबटूर ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मेजबानी की थी। उस संस्करण में 5600 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। महाराष्ट्र ने 57 स्वर्ण, 48 रजत और 53 कांस्य पदक जीतकर चौथी बार खिताब अपने नाम किया था। अब तक केवल महाराष्ट्र और हरियाणा ही इस प्रतियोगिता का खिताब जीत पाए हैं। हरियाणा ने 2018 में पहला खिताब जीता। जबकि महाराष्ट्र ने 2019, 2020, 2023 और 2024 में जीत हासिल की। हरियाणा ने 2022 में खिताब अपने नाम किया था।

इस खेलो इंडिया यूथ गेम्स की शुरुआत साल 2018 में हुई थी, जब इसे खेलो इंडिया स्कूल गेम्स के नाम से जाना जाता था। 2019 में इसका नाम बदलकर खेलो इंडिया यूथ गेम्स कर दिया गया। यह आयोजन युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और खेलों में भारत की स्थिति को मजबूत करने के उद्देश्य से शुरू किया गया था। बिहार में पहली बार इसकी मेजबानी को लेकर उत्साह चरम पर है और राज्य सरकार इसे एक यादगार आयोजन बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version