बख्तियारपुर-राजगीर रेलखंड पर पैसेंजर ट्रेन में लूटपाट, 3 घायल

राजगीर (नालंदा दर्पण)। बख्तियारपुर-राजगीर रेलखंड पर देर रात दानापुर-राजगीर पैसेंजर ट्रेन में यात्रियों के साथ लूटपाट और मारपीट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बदमाशों ने न केवल यात्रियों से दो सूटकेस लूट लिए, बल्कि विरोध करने पर पत्थरों से हमला कर तीन यात्रियों को घायल कर दिया। घायलों में रिंकू देवी (40), रोहित कुमार (23) और अंशु कुमार (20) शामिल हैं। जिनका इलाज बिहारशरीफ सदर अस्पताल में चल रहा है।

घायल रिंकू देवी ने बताया कि वह अपने भाई की शादी में शामिल होने के लिए अपने परिवार के 24 सदस्यों के साथ सूरत से बिहार आ रही थीं। पटना से दानापुर-राजगीर पैसेंजर ट्रेन में सवार होकर वे बिहारशरीफ की ओर जा रही थीं। रात के समय वेना स्टेशन के पास सात युवक उनकी बोगी में चढ़े और आपस में झगड़ने का नाटक करने लगे। रिंकू के अनुसार ट्रेन वेना स्टेशन पर लगभग आधे घंटे तक रुकी रही। जैसे ही ट्रेन इमली बीघा हॉल्ट के पास पहुंची, बदमाशों ने जबरन उनके दो सूटकेस छीन लिए और ट्रेन से कूद गए।

रिंकू ने बताया, “हमने सूटकेस छीनने का विरोध किया तो बदमाशों ने रेलवे ट्रैक से पत्थर उठाकर हम पर हमला कर दिया। लूटे गए सूटकेस में शादी के लिए लाए गए कीमती गहने, कपड़े और अन्य सामान थे।” इस हमले में रिंकू सहित दो अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। जीआरपी थानाध्यक्ष संजय पंडित ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यात्रियों के बीच सीट को लेकर विवाद हुआ था। जिसके बाद कुछ लोग सूटकेस लेकर ट्रेन से उतर गए और मारपीट की घटना को अंजाम दिया। उन्होंने कहा, “प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की गहन छानबीन की जा रही है।”

हालांकि, जब उनसे ट्रेन में सुरक्षा व्यवस्था के बारे में पूछा गया तो उन्होंने स्वीकार किया कि वर्तमान में पैसेंजर ट्रेनों में स्कॉट की व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा, “हम इस मामले में संदिग्धों की तलाश कर रहे हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”

इस घटना ने एक बार फिर रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बिना स्कॉट के चल रही पैसेंजर ट्रेनें यात्रियों के लिए असुरक्षित साबित हो रही हैं। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि पैसेंजर ट्रेनों में सुरक्षा बढ़ाई जाए और प्रत्येक ट्रेन में सशस्त्र स्कॉट की तैनाती सुनिश्चित की जाए।

इस घटना के बाद रेलवे प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है। यात्रियों ने न केवल सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है, बल्कि ट्रेनों में सीसीटीवी कैमरे और आपातकालीन अलार्म सिस्टम की व्यवस्था करने की भी बात कही है। रेलवे के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए जल्द ही उच्च स्तरीय बैठक बुलाई जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

अन्य समाचार