Home आधी आबादी छबीलापुर में नाबालिग संग गैंगरेप, 4 आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस

छबीलापुर में नाबालिग संग गैंगरेप, 4 आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस

Minor gangraped in Chhabilapur, police searching for 4 accused
Minor gangraped in Chhabilapur, police searching for 4 accused

राजगीर (नालंदा दर्पण)। छबीलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में 16 जून की सुबह एक 17 वर्षीय नाबालिग के साथ गैंगरेप की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यह घटना उस समय हुई जब पीड़िता अपने घर से लगभग एक किलोमीटर दूर शौच के लिए गई थी। सुबह के करीब तीन बजे सुनसान जगह पर अकेली किशोरी को देखकर चार लड़कों ने उसे घेर लिया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता सुबह-सुबह शौच के लिए घर से निकली थी। सुनसान स्थान पर चार लड़कों ने उसे अकेला पाकर उसका मुंह दबा दिया। पीड़िता ने खुद को बचाने की पूरी कोशिश की और विरोध किया, लेकिन चारों आरोपितों ने उसकी पिटाई की और बारी-बारी से उसके साथ गैंगरेप किया। इस दौरान आरोपितों ने उसे धमकी भी दी कि यदि उसने पुलिस में शिकायत की या प्राथमिकी दर्ज कराई, तो उसे जान से मार दिया जाएगा।

घटना के बाद पीड़िता बेहोश हो गई और उसकी हालत बेहद दयनीय थी। उसके कपड़े फट गए थे। होश में आने के बाद वह किसी तरह अपने घर पहुंची और अपनी मां को आपबीती सुनाई। डर और सदमे के कारण पीड़िता और उसकी मां शुरुआत में पुलिस के पास जाने से हिचक रही थीं।

पीड़िता के पिता चेन्नई में मजदूरी करते हैं और परिवार में उनकी अनुपस्थिति में मां और बेटी अकेले रहते हैं। घटना की जानकारी मिलने पर पिता ने फोन पर परिवार से बात की और उन्हें पुलिस में शिकायत करने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके बाद 18 जून को पीड़िता की मां ने राजगीर के महिला थाने में आवेदन देकर चारों आरोपितों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

पीड़िता ने बताया कि चारों आरोपित उसी गांव के रहने वाले हैं और वह उन्हें पहचानती है। हालांकि उनके नाम और उम्र के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं है।

महिला थानाध्यक्ष कुमारी उषा सिन्हा ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसकी स्थिति का आकलन किया जा रहा है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version