चौकीदार को गोली मारने वाले मोस्ट वांटेड सिराज और घोचा धराया

रहुई (नालंदा दर्पण)। रहुई थाना क्षेत्र अंतर्गत बजरंगी मोड़ के समीप बीते 11 दिसंबर की रात ज्वेलरी शॉप लूट के दौरान चौकीदार पर फायरिंग करने वाले दो कुख्यात अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान नगर थाना क्षेत्र के चैनपुरा निवासी मो. सिराज और मो. मिराज उर्फ घोचा के रूप में हुई है।

दरअसल घटना की रात अपराधी ज्वेलरी शॉप और पंजाब नेशनल बैंक को लूटने की योजना बना रहे थे। लेकिन चौकीदार अलखदेव पासवान ने बहादुरी दिखाते हुए अपराधियों से हाथापाई की और उनकी साजिश को नाकाम कर दिया। इस झड़प में बदमाशों की गोली से चौकीदार जख्मी हो गए और उन्होंने अपराधियों को भागने पर मजबूर कर दिया।

बिहारशरीफ सदर डीएसपी संजय कुमार जायसवाल के अनुसार घटना के बाद से ही एसआईटी टीम अपराधियों की तलाश में जुटी थी। कई स्थानों पर छापेमारी के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया। इनके पास से घटना में इस्तेमाल किया गया देशी कट्टा, कारतूस और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार सिराज और मिराज पिछले 10 वर्षों से नालंदा जिले में संगठित गिरोह बनाकर अपराध कर रहे थे। इनके खिलाफ बिहार और लहेरी थानों में कुल 19 से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें लूट, हत्या और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।

इस सफलता में नूरसराय सर्किल इंस्पेक्टर रमाशंकर सिंह, नगर थानाध्यक्ष सम्राट दीपक, रहुई थानाध्यक्ष कुणाल कुमार और अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम में दरोगा गुलाम मुस्तफा, रविंद्र कुमार, रोशन कुमार और गौरव कुमार भी शामिल थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

प्रमुख समाचार

सर्वप्रिय समाचार