पैमार नदी से अधेड़ का शव बरामद, हत्या की आशंका की जांच में जुटी पुलिस

बेन/नालंदा दर्पण। बेन थाना क्षेत्र के ऑट पंचायत स्थित मांड़ी मड़ुआरा पुल के दक्षिण पैमार नदी से शुक्रवार की सुबह एक 56 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ऑट पंचायत के चन्द्र बिगहा निवासी महेंद्र राम (56) पिता स्वर्गीय घमंडी राम के रूप में की गई है। परिजनों ने घटना को हत्या बताते हुए साजिश की आशंका जताई है।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शव पर कई जगह चोट और जख्म के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक तौर पर गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
मृतक के पुत्र अजीत कुमार ने बताया कि उनके पिता बेन थाना क्षेत्र के सौरे स्थित एक निजी स्कूल में खाना बनाने का काम करते थे। गुरुवार रात करीब आठ बजे फोन पर जानकारी लेने पर पता चला कि वे वहां से निकल चुके हैं। इसके बाद परिवार के लोग रातभर उनकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
शुक्रवार सुबह खोजबीन के दौरान पैमार नदी में एक शव दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर वह महेंद्र राम का निकला। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर जुट गए।
परिजनों ने आरोप लगाया कि महेंद्र राम पहले नगरनौसा बाजार स्थित एक होटल में काम करते थे। करीब एक माह पहले नौकरी छोड़ने के बाद होटल संचालक ने उन्हें धमकी दी थी। परिजनों का कहना है कि उसी धमकी के बाद अब उनकी संदिग्ध मौत हुई है।
घटनास्थल के आसपास बड़ी संख्या में शराब की खाली पाउच भी बरामद हुई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक शराब नहीं पीते थे। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि शराब के नशे में कुछ लोगों ने वारदात को अंजाम दिया हो।
सूचना पर थानाध्यक्ष रविराज सिंह के निर्देश पर पुलिस अधिकारी कृष्णा सिंह और रंजय सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने एफएसएल टीम को भी बुलाया है।
थानाध्यक्ष रविराज सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।






