Rajgir Airport Big Update: यहां होगा राजगीर हवाई अड्डा का निर्माण

राजगीर (नालंदा दर्पण)। Rajgir Airport Big Update: अंतर्राष्ट्रीय पर्यटक स्थल राजगीर में हवाई अड्डा बनाने की कवायद फिर से शुरू की गई है। कैबिनेट द्वारा प्रस्ताव पारित होने के बाद महादेवपुर और नालंदा विश्वविद्यालय के बगल में पहले से प्रस्तावित हेलीपैड बनाने की कवायद जिला प्रशासन द्वारा शुरू किया गया था।

उस जमीन और आसपास की जमीन की पैमाईश भी राजगीर अंचल द्वारा करायी गयी थी। लेकिन उक्त स्थल की अपेक्षित लंबाई नहीं होने के कारण दूसरे जगह की तलाश अब शुरू की गयी है।

बताया जाता है कि हवाई अड्डा निर्माण के लिए 11 हजार फीट लम्बाई वाले जमीन की आवश्यकता है। लेकिन महादेवपुर और नालंदा विश्वविद्यालय के समीप के हेलीपैड की जमीन की लम्बाई मात्र 7500 फीट है, जो हवाई अड्डा के लिए पर्याप्त नहीं है।

वहीं, प्रखंड के मेयार और बढ़ौना मौजा के अलावा बरनौसा और लोदीपुर मौजा में भी स्थल का चयन किया गया है। अंचल अमीन के द्वारा इसकी पैमाइश भी कराई गयी है। नये प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण अपर समाहर्ता मंजीत कुमार, एसडीओ कुमार ओमकेश्वर, भूमि सुधार उपसमाहर्ता उपेंद्र सिंह द्वारा किया गया है।

आगे डीएम शशांक शुभंकर द्वारा हवाई अड्डा के प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण किया जाना है। डीएम के निरीक्षण बाद ही हवाई अड्डा के चयन पर अंतिम निर्णय लिया जायेगा। मेयार और बढ़ौना मौजा के बीच 550 एकड़ जमीन का चयन किया गया है। यह प्रश्नगत भूमि 3.33 किलोमीटर लंबा और 709 मीटर चौड़ा है। इस प्रस्तावित हवाई अड्डा की लंबाई 11000 फीट एवं चौड़ाई 2000 फीट है।

Exit mobile version