Home नालंदा राजगीर CRPF प्रशिक्षण केंद्र: 223 जवान हुए वतन के हवाले

राजगीर CRPF प्रशिक्षण केंद्र: 223 जवान हुए वतन के हवाले

Rajgir CRPF training center 223 soldiers surrendered to the country
Rajgir CRPF training center 223 soldiers surrendered to the country

राजगीर (नालंदा दर्पण)। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के 54वें बैच के 223 नए जवानों ने राजगीर स्थित प्रशिक्षण केंद्र में दीक्षांत परेड के दौरान कर्तव्यनिष्ठा की शपथ ली।

इस गरिमामय आयोजन में मुख्य अतिथि कमांडेंट बालकृष्ण राम ने जवानों की परेड की सलामी लेते हुए उनके समर्पण और साहस की सराहना की और कहा कि 223 जवानों को देशसेवा के लिए समर्पित करते हुए गर्व का अनुभव हो रहा है। यह राजगीर की ऐतिहासिक धरती पर प्रशिक्षित होने का गौरवशाली क्षण है।

मुख्य अतिथि ने राजगीर की ऐतिहासिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह भूमि भगवान महावीर और गौतम बुद्ध की धर्मस्थली और मगध साम्राज्य की राजधानी रही है। इस वीर और पावन भूमि पर प्रशिक्षण लेना हर जवान के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने नव आरक्षियों को संबोधित करते हुए उनके बलिदान और सेवा भाव को सलाम किया।

वहीं प्रशिक्षण केंद्र के उप कमांडेंट फिरोज अली ने बताया कि नव आरक्षियों को अत्याधुनिक युद्धकला, शारीरिक दक्षता, हथियार संचालन, दंगा नियंत्रण और साइबर सुरक्षा जैसे कई महत्वपूर्ण कौशलों में प्रशिक्षित किया गया है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में भारतीय दंड संहिता, अपराध प्रक्रिया संहिता, संविधान और मानव अधिकार जैसे विषय भी शामिल थे। साथ ही, नव आरक्षियों ने जंगल कैंप, फायरिंग अभ्यास और राहत एवं बचाव अभियानों की व्यापक ट्रेनिंग प्राप्त की।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप कमांडेंट नील कमल भारद्वाज, सहायक कमांडेंट चंदन कुमार और चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनीता कुमारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने योगदान दिया। उन्होंने सुनिश्चित किया कि सभी नव आरक्षी शारीरिक, मानसिक और नैतिक रूप से देश सेवा के लिए पूरी तरह तैयार हों।

बता दें कि सीआरपीएफ विश्व का सबसे बड़ा अर्द्धसैनिक बल है और इसका योगदान नक्सलवाद, आतंकवाद, आपदा प्रबंधन और चुनाव सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में अमूल्य है। यह बल न केवल राष्ट्रीय सुरक्षा में अग्रणी है, बल्कि कला और सांस्कृतिक क्षेत्रों में भी अपनी पहचान बना रहा है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version