SHO ने वाहन चेकिंग के नाम पर व्यवसायी से छीने ₹32 लाख, SP ने किया गिरफ्तार

बिहारशरीफ (नालंदा दर्पण)। बिहार पुलिस को शर्मसार कर देने वाली एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जहां वाहन चेकिंग के दौरान छुट्टी पर गए थानेदार (SHO) ने एक स्वर्ण व्यवसायी से 32 लाख रुपये जबरन छीन लिए। इस गंभीर मामले में सारण एसपी डॉ. कुमार आशीष ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लुटेरा मकेर थानाध्यक्ष रवि रंजन कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं फरार होमगार्ड सह चालक अनिल कुमार सिंह की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

बताया जाता है कि शुक्रवार की रात सारण नगर थाना क्षेत्र के रौजा मुहल्ला निवासी स्व. राजकुमार गुप्ता के पुत्र रोहन कुमार 65 लाख रुपये लेकर मुजफ्फरपुर जा रहे थे। ये रुपये उन्होंने हाल ही में जमीन बेचकर व्यवसाय के लिए जुटाए थे। इसी बीच रेवा पुल से एक किलोमीटर पहले उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोका गया। चेकिंग के नाम पर पुलिस ने उन पर गांजा और शराब ले जाने का झूठा आरोप लगाकर डराने की कोशिश की।

डरे हुए रोहन कुमार से मकर थानाध्यक्ष रवि रंजन कुमार सिंह ने जबरन 32 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद व्यवसायी को हिरासत में लिया गया। लेकिन कुछ देर बाद छोड़ दिया गया। व्यवसायी ने घर लौटकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद उन्होंने वरीय पुलिस अधिकारियों को सूचित किया।

मामले की जांच का जिम्मा एसडीपीओ को सौंपा गया। जांच में पुष्टि हुई कि थानाध्यक्ष ने वाकई पैसे छीने हैं। बकौल एसपी डॉ. कुमार आशीष, थानाध्यक्ष घटना के दिन क्राइम मीटिंग में मौजूद नहीं थे और पहले से ही छुट्टी का आवेदन दिया था। इससे उन पर शक बढ़ गया।

रवि रंजन कुमार सिंह 2018 बैच के पुलिस अधिकारी हैं। दिघवारा थाने में उनके बेहतर कार्य को देखते हुए उन्हें मकेर थाना भेजा गया था। हालांकि इस घटना ने उनकी साख पर बट्टा लगा दिया। जांच में यह भी संदेह जताया जा रहा है कि किसी लाइनर ने वाहन में रुपये ले जाने की सूचना पहले ही थानाध्यक्ष को दी थी। फरार होमगार्ड और लाइनर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले में शामिल सभी दोषियों को सख्त सजा दी जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

ट्रेंडिंग न्यूज