Home इस्लामपुर केवीननुमा कुएं से पांच दिनों से लापता मजदूर का शव बरामद

केवीननुमा कुएं से पांच दिनों से लापता मजदूर का शव बरामद

इस्लामपुर (नालंदा दर्पण)। इस्लामपुर थाना क्षेत्र के कोविल गांव में उस समय मातम पसर गया, जब गांव के सागर बांध स्थित खंधा के केवीननुमा कुएं से एक मजदूर का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान 46 वर्षीय सुरेश पासवान के रूप में हुई है। शव मिलने की खबर फैलते ही परिजनों के बीच कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

परिजनों ने बताया कि 16 फरवरी को सुरेश पासवान घर से खेत में पटवन (सिंचाई) करने के लिए निकले थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिवार को अनहोनी की आशंका हुई। आसपास के खेत-खलिहानों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां खोजबीन की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। अंततः 20 फरवरी को इस्लामपुर थाना में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई गई।

शनिवार की सुबह ग्रामीणों ने सागर बांध खंधा के पास स्थित एक केवीननुमा कुएं में शव देखे जाने की सूचना दी। खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। शव की पहचान होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

प्राथमिक आशंका जताई जा रही है कि खेत की ओर जाते समय पैर फिसलने से सुरेश पासवान कुएं में गिर गए होंगे, जिससे उनकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके।

अपर थानाध्यक्ष रामकुमार पाल ने बताया कि शव बरामद कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

इधर, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) संजय कुमार ने बताया कि पारिवारिक लाभ योजना के तहत मृतक के परिजनों को 20 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई है। वहीं वार्ड पार्षद गुड्डू सिंह ने कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत 3 हजार रुपये प्रदान किए हैं।

गांव में इस दुखद घटना के बाद शोक का माहौल है। सुरेश पासवान अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

समाचार स्रोत: नालंदा दर्पण डेस्क / रामकुमार वर्मा

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

error: Content is protected !!
Exit mobile version