ट्रक चालक को बेहोश कर 1.10 लाख नकद और मोबाइल लेकर फरार हुए नशाखुरानी गिरोह के उच्चके

इस्लामपुर (नालंदा दर्पण)। अनजान लोगों पर भरोसा करना कितना भारी पड़ सकता है, इसका ताजा उदाहरण इस्लामपुर थाना क्षेत्र में सामने आया है। नशाखुरानी गिरोह से जुड़े शातिर उच्चकों ने एक ट्रक चालक को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और उसके ट्रक से नकद रुपये व मोबाइल लेकर फरार हो गए।

उत्तर प्रदेश के अमरांव गांव निवासी पीड़ित ट्रक चालक ने बताया कि वह ट्रक से माल लेकर पटना आए थे, जहां माल उतारने के बाद उनकी मुलाकात एक अज्ञात व्यक्ति से हुई। उस व्यक्ति ने खुद को व्यापारी बताते हुए कुछ सामान इस्लामपुर भेजने की बात कही। उसकी बातों में आकर सरदार अहमद उसके साथ इस्लामपुर की ओर रवाना हो गए।

ट्रक चालक ने बताया कि इस्लामपुर के आसपास पहुंचते ही उन्हें भूख लगी, जिसके बाद उन्होंने सड़क किनारे ट्रक खड़ा कर खाना बनाने का निर्णय लिया। इसी दौरान वह अज्ञात व्यक्ति खाने के लिए लीची रसगुल्ला लेकर आया और आग्रहपूर्वक उन्हें खिलाया। कुछ ही देर बाद सरदार अहमद को तेज नींद आने लगी और वह वहीं बेहोश हो गए।

जब काफी देर बाद उनकी नींद खुली तो उन्होंने देखा कि ट्रक में रखा 90 हजार रुपये नकद, उनकी जेब में मौजूद 20 हजार रुपये और मोबाइल फोन गायब था। साथ ही वह व्यक्ति भी मौके से फरार हो चुका था। खुद को ठगा हुआ पाकर ट्रक चालक के होश उड़ गए।

घटना की सूचना तत्काल इस्लामपुर थाना को दी गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

पुलिस का कहना है कि यह मामला नशाखुरानी गिरोह से जुड़ा प्रतीत होता है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने वाहन चालकों और यात्रियों से अपील की है कि वे अनजान व्यक्तियों से दूरी बनाए रखें और उनके द्वारा दिए गए खाने-पीने के सामान को ग्रहण न करें, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

अन्य समाचार