एकंगरसरायअपराधनालंदाबिग ब्रेकिंगहिलसा

एकंगरसराय में अवैध मिनी गन फैक्टरी का खुलासा, संचालक गिरफ्तार

एकंगरसराय (नालंदा दर्पण)। एकंगरसराय थाना क्षेत्र में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। थाना पुलिस और एसटीएफ के संयुक्त अभियान में पार्थ गांव स्थित एक अवैध मिनी गन फैक्टरी का भंडाफोड़ किया गया है। इस कार्रवाई में फैक्टरी के संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसके घर से भारी मात्रा में अवैध हथियार बनाने के उपकरण और अर्द्धनिर्मित आग्नेयास्त्रों के हिस्से बरामद किए गए हैं। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

एकंगरसराय थाने में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिलसा डीएसपी-टू कुमार ऋषिराज ने पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पार्थ गांव में छापेमारी की गई, जहां से अवैध हथियार निर्माण का नेटवर्क सामने आया। पुलिस ने पार्थ गांव निवासी स्वर्गीय शिवनंदन प्रसाद के पुत्र सुनील कुमार को विधिवत गिरफ्तार किया है।

डीएसपी ने बताया कि आरोपी सुनील कुमार अपने घर में ही अवैध रूप से हथियार एवं बड़ी संख्या में आग्नेयास्त्र तैयार करने की फिराक में था। बरामद सामानों की सूची भी चौंकाने वाली है।

पुलिस ने 16 अर्द्धनिर्मित बट, 2 अर्द्धनिर्मित बैरल, 4 अर्द्धनिर्मित ट्रिगर गार्ड, 16 लोहे के अर्द्धनिर्मित ट्रिगर, 51 मोटे स्प्रिंग, 18 पतले स्प्रिंग, गेज चदरा से बने 15 अर्द्धनिर्मित यू-आकार के टुकड़े, टी-आकार के 16 लोहे के टुकड़े, हैंड ग्राइंडर मशीन, बेंच वाइस सिकंचा, हथौड़ी, पेचकस, रेती, फ्लैप डिस्क, नट-बोल्ट, हेक्सा ब्लेड समेत दर्जनों उपकरण जब्त किए हैं। इन उपकरणों से साफ संकेत मिलता है कि आरोपी संगठित तरीके से हथियार निर्माण के धंधे में लिप्त था।

इस मामले में एकंगरसराय थाना कांड संख्या 10/26 दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के संपर्क किन-किन लोगों से थे और तैयार होने वाले हथियारों की आपूर्ति कहां की जानी थी।

छापेमारी दल में एकंगरसराय थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार झा के नेतृत्व में पुअनि निर्मल सिंह, सअनि सुरेंद्र महतो, सिपाही सुनील चौधरी, मुन्ना कुमार, अंजली वर्मा और भवानी कुमारी शामिल थे। वहीं प्रेस वार्ता के दौरान अपर थानाध्यक्ष रूपेश कुमार सिंह, सअनि नागेंद्र कुमार, मोहन पासवान, शैलेन्द्र सिन्हा सहित कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध हथियार कारोबार पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की तत्परता की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Nalanda Darpan

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (mukesh bhartiy) पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.