बिग ब्रेकिंगबिहार शरीफ

23-24 दिसंबर को बिहारशरीफ के 15 परीक्षा केन्द्रों पर होगी तृतीय स्नातक स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा, 35382 परीक्षार्थी होंगे शामिल

बिहार शरीफ (नालंदा दर्पण)। बिहार कर्मचारी चयन आयोग द्वारा तृतीय स्नातक स्तरीय संयुक्त (प्रारंभिक) प्रतियोगिता परीक्षा 2022 का आयोजन 23 एवं 24 दिसंबर को तीन अलग-अलग चरणों(पालियों) में किया जा रहा है। 23 दिसंबर को दोनो पाली तथा 24 दिसंबर को एक पाली (प्रथम पाली) में परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।

इस परीक्षा के आयोजन हेतु जिला मुख्यालय बिहारशरीफ में 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन परीक्षा  केंद्रों पर प्रत्येक चरण (पाली) में 11794 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इस प्रकार तीनों चरणों को मिलाकर कुल 35382 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

प्रथम पाली की परीक्षा पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 12:15 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 2:00 बजे से अपराह्न 4:15 बजे तक होगी। प्रथम पाली की परीक्षा हेतु पूर्वाह्न 9:50 बजे एवं द्वितीय पाली की परीक्षा हेतु अपराह्न 1:50 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने की अनुमति नहीं मिलेगी।

परीक्षार्थियों के लिए किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण साथ ले जाना पूर्णत: वर्जित रहेगा। स्वच्छ एवं कदाचार मुक्त परीक्षा के आयोजन हेतु इन परीक्षा केंद्रों पर 52 केंद्र प्रेक्षक तथा 30 स्टैटिक दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त किए गए हैं।

साथ ही 7 जोनल -सह- गश्ती दल दंडाधिकारी एवं चार उड़नदस्ता दंडाधिकारी भी प्रतिनियुक्त किए गए हैं, जो लगातार सम्बद्ध परीक्षा केंद्रों के बीच भ्रमणशील रहकर स्वच्छ एवं कदाचार मुक्त परीक्षा का आयोजन सुनिश्चित कराएंगे।

परीक्षा के आयोजन को लेकर जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष दूरभाष संख्या 06112- 235288 पर कार्यरत रहेगा। जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष में भी अलग से दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

परीक्षा के आयोजन से पूर्व अपर समाहर्त्ता द्वारा आज सभी केंद्र अधीक्षक एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों तथा पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग की गई।

सभी पदाधिकारियों को आयोग द्वारा निर्गत दिशानिर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन करते हुए परीक्षा का संचालन सुनिश्चित कराने का स्पष्ट रूप से निर्देश दिया गया।

सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा तिथि को प्रातः 7:00 बजे निश्चित रूप से अपने-अपने आवंटित परीक्षा केंद्र पर पहुंचने का निर्देश दिया गया।

इस अवसर पर सभी केंद्र अधीक्षक, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी आदि मौजूद थे।

Nalanda Darpan

नालंदा दर्पण (Nalanda Darpan) के संचालक-संपादक वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (Mukesh Bhartiy) पिछले 35 वर्षों से समाचार लेखक, संपादक और संचार विशेषज्ञ के रूप में सक्रिय हैं। उन्हें समसामयिक राजनीति, सामाजिक मुद्दों, स्थानीय समाचार और क्षेत्रीय पत्रकारिता पर गहरी पकड़ और विश्लेषणात्मक अनुभव है। वे तथ्य आधारित, निष्पक्ष और भरोसेमंद रिपोर्टिंग के माध्यम से पाठकों तक ताज़ा खबरें और सटीक जानकारी पहुँचाने के लिए जाने जाते हैं। एक्सपर्ट मीडिया न्यूज़ (Expert Media News) सर्विस द्वारा प्रकाशित-प्रसारित नालंदा दर्पण (Nalanda Darpan) के माध्यम से वे स्थानीय समाचार, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका मानना है कि स्थानीय पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी, प्रमाण और जनहित के साथ सामने रखना है। ताकि एक स्वस्थ समाज और स्वच्छ व्यवस्था की परिकल्पना साकार हो सके। More »