बिहार खेल विश्वविद्यालय में अतिथि शिक्षकों और कोच की वेकेंसी, 26 जून तक करें अप्लाई

राजगीर (नालंदा दर्पण)। बिहार के युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है! बिहार खेल विश्वविद्यालय राजगीर ने विभिन्न विषयों में 10 अतिथि संकाय एवं प्रशिक्षकों के साथ-साथ 4 अतिथि कोच की नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह भर्ती प्रक्रिया 12 जून से शुरू होकर 26 जून तक चलेगी। इच्छुक एवं योग्य उम्मीदवार विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित योग्यता और मानदंडों के अनुसार ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव रजनी कांत ने जानकारी दी कि यह वेकेंसी विशेष रूप से खेल और शारीरिक शिक्षा के विभिन्न विषयों में दक्षता रखने वाले विशेषज्ञों के लिए है। अतिथि संकाय और कोच को प्रति घंटा एवं प्रति दिन के आधार पर व्यावहारिक और सैद्धांतिक कक्षाएं लेने के लिए नियुक्त किया जाएगा।

जिन आठ विषयों में अतिथि संकाय की आवश्यकता है, उनमें शारीरिक शिक्षा, खेल बायोमैकेनिक्स, व्यायाम फिजियोलॉजी, खेल मनोविज्ञान, खेल प्रशिक्षण, खेल प्रौद्योगिकी, खेल चिकित्सा, स्वास्थ्य विज्ञान एवं पोषण, स्पोर्ट्स मैनेजमेंट और योग विज्ञान, हर विषय में एक-एक पद निर्धारित किया गया है।

इसके अलावा विश्वविद्यालय को चार योग्य अतिथि कोच की भी आवश्यकता है, जो विभिन्न खेल विधाओं में विद्यार्थियों को प्रशिक्षित कर सकें।

बिहार सरकार के नियमानुसार इस भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण व्यवस्था लागू होगी। इसमें सामान्य वर्ग के पुरुष और महिला उम्मीदवारों के लिए दो-दो पद, जबकि अत्यंत पिछड़ा वर्ग, पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए एक-एक पद आरक्षित किए गए हैं।

कुलसचिव रजनी कांत ने कहा कि यह पहल खेल विज्ञान एवं शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की जा रही है। इससे न केवल खेल के क्षेत्र में युवाओं को व्यावसायिक प्रशिक्षण मिलेगा, बल्कि उन्हें करियर निर्माण में भी मदद मिलेगी।

आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी बिहार खेल विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट या नोटिफिकेशन में दी गई है। अभ्यर्थियों से आग्रह किया गया है कि वे अंतिम तिथि 26 जून से पहले अपने दस्तावेजों के साथ आवेदन पत्र जमा करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

ट्रेंडिंग न्यूज