Home खेल-कूद एशिया रग्बी अंडर-20 चैंपियनशिप में चमकेंगे बिहार के 6 सितारे

एशिया रग्बी अंडर-20 चैंपियनशिप में चमकेंगे बिहार के 6 सितारे

6 stars from Bihar will shine in Asia Rugby Under-20 Championship
6 stars from Bihar will shine in Asia Rugby Under-20 Championship

राजगीर (नालंदा दर्पण)। बिहार की ऐतिहासिक नगरी राजगीर एक बार फिर वैश्विक मंच पर अपनी छाप छोड़ने को तैयार है। 9 और 10 अगस्त 2025 को राजगीर खेल परिसर में पहली बार आयोजित होने वाली एशिया रग्बी अंडर-20 सेवेन्स चैंपियनशिप में बिहार के छह युवा खिलाड़ी चार महिला और दो पुरुष अपनी प्रतिभा का दम दिखाएंगे।

भारतीय रग्बी पुरुष और महिला टीमों की घोषणा ने बिहारवासियों के लिए उत्साह की लहर दौड़ा दी। पुरुष टीम में बिहार के गोल्डन कुमार (पटना) और सागर प्रकाश (पटना) ने जगह बनाई है। जबकि महिला टीम में आरती कुमारी (पटना), अंशु कुमारी (सुपौल), गुड़िया कुमारी (मुजफ्फरपुर) और अल्पना कुमारी (नालंदा) शामिल हैं। इन खिलाड़ियों का चयन भारतीय खेल प्राधिकरण कोलकाता द्वारा किया गया, जहां वे गहन प्रशिक्षण से गुजर रहे हैं।

भारतीय पुरुष टीम का नेतृत्व सुमित कुमार रॉय (कप्तान) और करण राजभर (उपकप्तान) करेंगे। टीम में अन्य खिलाड़ी हैं- अजीत नाग, भरत किसान, चरण हेम्ब्रम, डेविड मुंडा, देशराज सिंह, राजन रावत, रोहित शॉ और बिहार के गोल्डन कुमार व सागर प्रकाश।

दूसरी ओर महिला टीम की कमान भूमिका शुक्ला (कप्तान) संभालेंगी, जिनके साथ तनुश्री भोसले, अक्षया एनएस, कायरा विसेंट, महक, मामाली सिंह, मुस्कान पिपलोदा, रितु, और बिहार की चार शेरनियां आरती, अंशु, गुड़िया और अल्पना मैदान में उतरेंगी।

यह टूर्नामेंट एशिया के 32 रग्बी खेलने वाले देशों में से शीर्ष 8 पुरुष और 8 महिला टीमों के बीच होगा। जिसमें भारत, चीन, हांगकांग, यूएई, उज्बेकिस्तान, कजाकिस्तान, श्रीलंका, मलेशिया (पुरुष) और नेपाल (महिला) की टीमें शामिल हैं।

राजगीर खेल परिसर अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अपग्रेड किया गया है। इस आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है। बिहार सरकार ने 4.08 करोड़ रुपये की स्वीकृति के साथ आवास, सुरक्षा, यातायात और चिकित्सा सुविधाओं को सुनिश्चित किया है। 7 अगस्त से टीमें राजगीर पहुंचेंगी और 8 अगस्त को कबड्डी हॉल में उद्घाटन समारोह में बिहार की सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखेगी।

पूर्व रग्बी खिलाड़ी और अभिनेता राहुल बोस ने इस आयोजन को बिहार के लिए मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दूरदृष्टि ने बिहार को खेलों के वैश्विक मानचित्र पर ला खड़ा किया है। यह आयोजन बिहार के युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगा।

बता दें कि रग्बी बिहार के 14 प्राथमिकता वाले खेलों में शामिल है और हाल के वर्षों में राज्य के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन किया है। नेशनल गेम्स में बिहार की महिला टीम ने रजत पदक जीता। जबकि स्कूल गेम्स में जूनियर, सब-जूनियर और सीनियर वर्गों में चैंपियनशिप हासिल की।

इन उपलब्धियों ने बिहार को रग्बी के नक्शे पर स्थापित किया है। स्थानीय खिलाड़ी जैसे अल्पना कुमारी और गोल्डन कुमार न केवल अपने जिले का, बल्कि पूरे बिहार का नाम रोशन कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हाल ही में टूर्नामेंट के शुभंकर ‘अशोक’ और लोगो का अनावरण किया। ‘अशोक’ सम्राट अशोक से प्रेरित एक खरगोश के रूप में डिज़ाइन किया गया है। यह जो रग्बी की गति, चुस्ती और रणनीति का प्रतीक है। यह शुभंकर बिहार की महत्वाकांक्षा और युवा ऊर्जा को दर्शाता है।

स्रोत: नालंदा दर्पण, बिहार स्टेट स्पोर्ट्स अथॉरिटी, और रग्बी इंडिया.

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version