धर्म-कर्मनालंदाफीचर्ड

9 दिवसीय अमृत वर्षा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ, 551 महिलाओं की कलश यात्रा में उमड़े हजारों श्रद्धालु

देव ज्योति रामेश्वरम शिव मंदिर परिसर से निकली भव्य शोभा यात्रा, अयोध्या के आचार्यों ने दिया धर्म और संस्कार का संदेश

नालंदा दर्पण डेस्क। नालंदा नगर पंचायत के बेगमपुर स्थित प्राचीन एवं श्रद्धा के केंद्र देव ज्योति रामेश्वरम शिव मंदिर परिसर में सोमवार को भव्य संगीतमय 9 दिवसीय अमृत वर्षा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ अत्यंत भक्तिमय वातावरण में हुआ। इस अवसर पर 551 कलशधारी महिलाओं एवं हजारों श्रद्धालुओं की विशाल शोभा यात्रा ने पूरे क्षेत्र को राममय और शिवमय कर दिया।

सुबह से ही बेगमपुर, बड़गांव, सूरजपुर सहित आसपास के गांवों से श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। ढोल-नगाड़ों, शंखध्वनि, जयकारों और भक्ति संगीत के बीच निकली कलश यात्रा ने नगर पंचायत क्षेत्र को आध्यात्मिक उल्लास से भर दिया। श्रद्धालुओं के चेहरे पर आस्था, उत्साह और गौरव की झलक साफ दिखाई दे रही थी।

यज्ञ के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित अयोध्या से पधारे कथा वाचक आचार्य पंडित विश्वनाथ शास्त्री जी महाराज ने कहा कि यज्ञ केवल अग्नि में आहुति देने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि यह हमारे व्यक्तित्व, कृतित्व और आचरण में सदाचार के रूप में उतरने वाला जीवन दर्शन है। यज्ञमय जीवन का अर्थ है प्रभु को समर्पित जीवन।

वहीं आचार्य सत्यम जी ने कथा के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस ज्ञान यज्ञ का मुख्य लक्ष्य समाज में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों को पुनः स्थापित करना तथा युवाओं को भारतीय संस्कृति, संस्कार और नैतिक मूल्यों से जोड़ना है।

मौके पर मौजूद पुजारी अभय कुमार, अनमोल देवी, धीरज व्यास, आरती देवी सहित आयोजन समिति के सदस्य मनोज सिंह, कमल नयन सिंह, शारदा नंदन सिंह, वार्ड पार्षद पंकज सिंह, जयराम सिंह, विनोद सिंह, गोरेलाल सिंह, सुधीर सिंह, अभिषेक कुमार, शंकर सिंह, वरुण सिंह, अजय पाल, कृष्णकांत कश्यप सहित अनेक ग्रामीणों ने बताया कि यह आयोजन गांव की सुख-शांति, समृद्धि और युवा पीढ़ी को धर्म-कर्म से जोड़ने के उद्देश्य से ग्रामवासियों के सामूहिक सहयोग से किया जा रहा है।

पूरे आयोजन स्थल पर भक्ति संगीत, प्रवचन और सेवा भाव की अनूठी छटा देखने को मिल रही है। आगामी नौ दिनों तक चलने वाले इस अमृत वर्षा ज्ञान यज्ञ से क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक जागरण का नया अध्याय लिखे जाने की उम्मीद है।

नालंदा नगर पंचायत क्षेत्र से एक सुधी पाठक की रिपोर्ट

Nalanda Darpan

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (mukesh bhartiy) पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.