नगरनौसा थाना के पास महिला से दिनदहाड़े 2.30 लाख की चेन स्नैचिंग

नगरनौसा (नालंदा दर्पण)। नालंदा जिले के नगरनौसा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक सनसनीखेज चेन स्नैचिंग की घटना ने स्थानीय लोगों में दहशत फैला दी। थाना गेट से महज 50 मीटर की दूरी पर गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे एक महिला से बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन छीनकर फरार होने में सफलता पाई। इस घटना ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पीड़ित महिला की पहचान नगरनौसा गांव निवासी सुनील कुमार की पत्नी शोभा कुमारी के रूप में हुई है। शोभा कुमारी अपने पति के साथ मिलकर नगरनौसा के पेठियापर बाजार में एक श्रृंगार की दुकान चलाती हैं।
पीड़िता ने बताया कि वह रोज की तरह सुबह अपने घर से दुकान के लिए निकली थीं। थाना गेट के पास सड़क पार करते समय एक केटीएम बाइक पर सवार दो बदमाश तेजी से उनके पास आए। एक बदमाश ने मास्क पहना था, जबकि दूसरे ने चेहरे पर रुमाल बांध रखा था।
शोभा कुमारी ने बताया कि वह सड़क पार कर रही थी, तभी बाइक सवार बदमाश तेजी से आए। इससे पहले कि कुछ समझ पाती, उन्होंने मेरे गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। चेन का वजन लगभग दो भर (20 ग्राम) था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख तीस हजार रुपये है।
घटना की सूचना मिलते ही नगरनौसा थाना की पुलिस हरकत में आई। थानाध्यक्ष शशिरंजन कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि हम आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं और संदिग्धों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। बदमाशों को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए हम हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि थाना गेट के इतने नजदीक इस तरह की वारदात होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता है। क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है।
बता दें कि नगरनौसा और आसपास के क्षेत्रों में हाल के महीनों में चेन स्नैचिंग और लूटपाट की घटनाओं में वृद्धि देखी गई है। बाइक सवार बदमाशों द्वारा इस तरह की वारदातें अब आम हो गई हैं। कई लोग पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।







