
इस्लामपुर (नालंदा दर्पण)। खुदागंज थाना क्षेत्र के उत्क्रमित उच्च विद्यालय बरदाहा में परीक्षा के दौरान कुछ लोगों द्वारा देशी कट्टा दिखाकर कक्षा में घुसने, शिक्षकों के साथ अभद्र व्यवहार एवं मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद विद्यालय के शिक्षकों में भय का माहौल बताया जा रहा है।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक रामादित्य कुमार के अनुसार विद्यालय परिसर स्थित कक्षाओं में छात्र-छात्राओं की अर्धवार्षिक एवं त्रैमासिक परीक्षा चल रही थी। इसी दौरान करीब दस की संख्या में कुछ लोग विद्यालय परिसर में पहुंचे और कथित तौर पर देशी कट्टा का भय दिखाते हुए कक्षा में प्रवेश कर गए।
आरोप है कि उक्त लोगों ने कक्षा में मौजूद शिक्षकों के साथ अभद्र व्यवहार किया और मारपीट शुरू कर दी। शिक्षकों द्वारा विरोध किए जाने पर जान से मारने की धमकी देने की बात भी सामने आई है। प्रभारी प्रधानाध्यापक के अनुसार इस दौरान विद्यालय कार्यालय के कुछ सामान को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
घटना के समय शिक्षक दिलीप कुमार, विवेक राज, सत्यराज, रंजीत कुमार तथा शिक्षिका विद्या कुमार सहित अन्य शिक्षक मौजूद थे। परीक्षा के दौरान विद्यालय परिसर में हुई इस घटना को लेकर शिक्षकों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बताई जा रही है। प्रभारी प्रधानाध्यापक ने घटना की सूचना खुदागंज थाना पुलिस को देते हुए कार्रवाई की मांग की है।
खुदागंज थाना पुलिस ने शुरू की जांच
खुदागंज थाना के एएसआई अनिल कुमार सिंह ने बताया कि घटना को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की छानबीन की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही घटना में शामिल लोगों और आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
विद्यालय में परीक्षा के दौरान इस तरह की कथित घटना ने शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर है।






