घर में अकेली महिला को अधमरा कर 6 लाख की लूटपाट, 7 लोग नामजद

नगरनौसा (नालंदा दर्पण)। नगरनौसा थाना क्षेत्र के मुसहरी गांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां बदमाशों ने एक अकेली महिला को निशाना बनाकर न केवल लूटपाट की, बल्कि उसकी हत्या करने की कोशिश भी की। इस सनसनीखेज मामले में पीड़िता के बेटे शैलेंद्र कुमार ने नगरनौसा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें सात लोगों को नामजद किया गया है।
शैलेंद्र कुमार ने अपने आवेदन में बताया कि गुरुवार की सुबह करीब 4:30 बजे, जब उनकी मां घर पर अकेली थीं, तब बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। शैलेंद्र के अनुसार उनकी मां ने जैसे ही घर का दरवाजा खोला, बाउंड्री के पास छुपे 6 से 7 बदमाशों ने उन पर हमला बोल दिया। बदमाशों ने पहले महिला के कानों से सोने की कांबली छीन ली। इसके बाद उन्होंने महिला का गला दबाकर उनकी जान लेने की कोशिश की। गला दबने से महिला बेहोश हो गईं, जिसके बाद बदमाशों ने उन्हें अधमरा छोड़ दिया।
बदमाशों ने इसके बाद घर में घुसकर जमकर लूटपाट की। उन्होंने घर में रखे सोने के आभूषणों, जिसमें सोने का चेन, मंगलसूत्र, कांबली, पुराने जमाने का सोने का हंसुली और पायल शामिल थे, को लूट लिया। इन आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब साढ़े पांच लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा बदमाशों ने घर में रखे एक बक्से से 85 हजार रुपये नकद भी लूट लिए। लूटपाट के दौरान बदमाशों ने घर में तोड़फोड़ भी की और फिर मौके से फरार हो गए।
नगरनौसा थाना के थानाध्यक्ष शशिरंजन मिश्रा ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने नामजद सात आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। थानाध्यक्ष ने कहा कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और आसपास के क्षेत्रों में छानबीन की जा रही है। साथ ही संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।
इस घटना ने मुसहरी गांव और आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं पहले कभी नहीं हुईं और अब लोग अपने घरों में सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन से इस मामले में त्वरित कार्रवाई और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।





