
छबिलापुर (नालंदा दर्पण संवाददाता)। छबिलापुर थाना क्षेत्र स्थित व्यस्त बाजार में बीती रात उस समय सनसनी फैल गई, जब अपराधियों ने फिल्मी अंदाज में जगदंबा ज्वेलर्स की दुकान में सेंध लगाकर करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और दो लाख रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चालाक लुटेरे दुकान में लगे CCTV कैमरों की हार्डडिस्क ही उठा ले गए, ताकि पुलिस को कोई तकनीकी सबूत न मिल सके। यह वारदात इतनी सुनियोजित थी कि लग रहा है, पेशेवर गैंग का हाथ है।
दुकान मालिक चंदन कुमार वर्मा के पुत्र गौतम कुमार ने बताया कि बीती शाम करीब 5 बजे दुकान बंद करके वे घर चले गए थे। उसके बाद अहले सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे तो पीछे की दीवार में बड़ा सा सुराख दिखाई दिया। अंदर अलमीरा और लॉकर टूटे पड़े थे। चोरी गए आभूषणों में सोने के झुमका, टीका, मंगलसूत्र, चेन, ढोलना, बाली और चांदी के पायल, बिछिया, अंगूठी, लॉकेट आदि शामिल हैं।
उन्होंनें बताया कि सबसे बड़ा नुकसान यह हुआ कि ग्राहकों के विवाह के लिए एडवांस लेकर बनाए जा रहे करीब सात लाख रुपये के ऑर्डर वाले गहने और मरम्मत के लिए जमा कुछ ग्राहकों के जेवर भी गायब हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही छबिलापुर थानाध्यक्ष अरुण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। इसके बाद डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने भी दुकान का मुआयना किया और थानाध्यक्ष को शीघ्र उद्भेदन के निर्देश दिए। पुलिस ने मौके से फिंगरप्रिंट के नमूने लिए हैं, जो फोरेंसिक जांच के लिए भेजे जाएंगे। डॉग स्क्वाड की टीम भी बुलाई गई है, जो अपराधियों के भागने के रास्ते का पता लगा रही है।
इधर, चोरी की इस बड़ी वारदात से गुस्साए स्थानीय दुकानदार और ग्रामीण सड़क पर उतर आए। उन्होंने राजगीर-इस्लामपुर मुख्य मार्ग को करीब तीन घंटे तक जाम रखा और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। डीएसपी सुनील कुमार सिंह, राजगीर थानाध्यक्ष रमण कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर संजय कुमार सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
थानाध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया, “दुकान मालिक की लिखित शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अपराधियों ने जिस तरह CCTV हार्डडिस्क ले गए और दीवार काटकर अंदर घुसे थे। उससे साफ जाहिर है कि ये कोई स्थानीय चोर नहीं, बल्कि अंतर्जिला गिरोह के शातिर सदस्य हैं। पूरे इलाके में नाकाबंदी कर दी गई है और छापेमारी तेज कर दी गई है। बहुत जल्द अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा।”
इस घटना ने छबिलापुर सहित आसपास के बाजारों में दहशत पैदा कर दी है। व्यापारी रात में दुकान बंद करके भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे। व्यापारी संघ ने जिला प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने और CCTV निगरानी की मांग की है।
वहीं पुलिस का दावा है कि 48 घंटे के अंदर इस सनसनीखेज चोरी कांड का पर्दाफाश कर दिया जाएगा। देखना यह है कि शातिर लुटेरों को पुलिस कब तक दबोच पाती है।





