अपराधगाँव-जवारनगरनौसानालंदाबिग ब्रेकिंगहिलसा

मनीचक गांव में अवैध हथियार और भारी मात्रा में शराब बरामद, चार गिरफ्तार

नगरनौसा (नालंदा दर्पण)। नगरनौसा पुलिस ने अपराध और अवैध धंधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मनीचक गांव में बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने न केवल अवैध आग्नेयास्त्र बरामद किए, बल्कि भारी मात्रा में विदेशी शराब और नकद राशि भी जब्त की है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार और हथियार रखने वालों में हड़कंप मच गया है।

थानाध्यक्ष शशिरंजन कुमार मिश्रा ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के मनीचक गांव में एक व्यक्ति अपने घर में अवैध हथियार और देशी-विदेशी शराब छुपाकर रखे हुए है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस टीम गठित कर मनीचक गांव में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान सुमन कुमार के घर की तलाशी ली गई, जहां कमरे से एक नली की दो राइफल, एक देशी कट्टा, 6.75 लीटर विदेशी शराब और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।

पुलिस पूछताछ में सुमन कुमार की निशानदेही पर नगरनौसा इलाके में एक और छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस ने 26.825 लीटर विदेशी शराब के साथ 39 हजार 470 रुपये नकद बरामद किए। मौके से अवधेश कुमार, शैलेश कुमार और राजनन्द प्रसाद उर्फ तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि ये सभी लोग अवैध शराब के कारोबार से जुड़े हुए थे और क्षेत्र में इसकी आपूर्ति करते थे।

इस पूरी कार्रवाई में थानाध्यक्ष शशिरंजन कुमार मिश्रा के साथ अपर थानाध्यक्ष ईसमा प्रवीण, सहायक अवर निरीक्षक मुकेश कुमार, रमेश प्रसाद, शंकर राम, पीटीसी आदर्श दुबे तथा सिपाही शंकर कुमार, विकास कुमार और मोहम्मद इमरान शामिल थे। पुलिस टीम की तत्परता और समन्वित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।

थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब और हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.