इस्लामपुरखेल-कूदनालंदाबिग ब्रेकिंगहिलसा

विष्णुपुर हाई स्कूल मैदान में क्लस्टर खेलकूद प्रतियोगिता में युवाओं ने दिखाया दम

इस्लामपुर (नालंदा दर्पण)। इस्लामपुर प्रखंड के विष्णुपुर हाई स्कूल के खेल मैदान में मेरा युवा भारत  के तत्वावधान में तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से प्रखंड स्तरीय दो दिवसीय क्लस्टर खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता उप निदेशक नालंदा दीक्षा मिश्रा एवं कार्यक्रम सहायक राजेश कुमार सिंह के निर्देशानुसार आयोजित की गई।

कार्यक्रम का उद्घाटन थानाध्यक्ष अनील कुमार पांडेय ने दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन संबोधन में उन्होंने कहा कि यदि युवा खेलों में रुचि रखते हैं तो राज्य सरकार उन्हें हर स्तर पर प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। मेडल लाओ, नौकरी पाओ  जैसी योजनाओं के माध्यम से खिलाड़ियों को राज्य से लेकर प्रखंड स्तर तक आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है, जिससे वे अपनी प्रतिभा के बल पर पहचान बना सकें।

प्रतियोगिता के प्रथम दिन रेफरी हरेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में वॉलीबॉल, कबड्डी, दौड़ एवं गोला फेंक जैसी रोमांचक खेल स्पर्धाएं आयोजित की गईं। मेरा युवा भारत  के प्रखंड प्रभारी धर्मेंद्र कुमार एवं सहयोगी विक्की कुमार और सिंटू ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह की योजनाएं सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को अपनी छिपी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करती हैं।

वॉलीबॉल प्रतियोगिता में चार टीमों परवलपुर, जगई, तेलहाड़ा और अमनावा ने भाग लिया। कड़े मुकाबले में परवलपुर टीम ने जगई टीम को 18 अंकों से पराजित किया, जबकि तेलहाड़ा टीम ने अमनावा को मात्र 2 अंकों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की। परवलपुर और तेलहाड़ा की टीमें फाइनल में पहुंचने में सफल रहीं।

कबड्डी बालिका वर्ग में लक्ष्मी बाई विष्णुपुर और अमनावा की टीमों के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें लक्ष्मी बाई विष्णुपुर ने 6 अंकों से जीत हासिल की। वहीं मखदुमपुर बालिका टीम और मीरा बाई तेतरिया के बीच खेले गए मैच में मीरा बाई तेतरिया ने 5 अंकों से विजय प्राप्त की।

आयोजकों ने बताया कि 17 जनवरी को गोला फेंक (बालक एवं बालिका वर्ग), 400 मीटर दौड़ (बालक वर्ग) तथा 200 मीटर दौड़ (बालिका वर्ग) की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विधायक द्वारा विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य नागेंद्र प्रसाद, शिक्षक साधुशरण प्रसाद, पूर्व जिला पार्षद रितेश गांधी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला, जिससे पूरे क्षेत्र में खेल भावना का संचार हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.