दर्दनाक सड़क हादसा: अज्ञात वाहन ने बाइक को रौंदा, ममेरे-फुफेरे भाइयों की मौत, गांव में पसरा मातम

अस्थावां (नालंदा दर्पण)। नालंदा जिले के अस्थावां थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सारे-वारसलीगंज मुख्य मार्ग पर चुलिहारी मोड़ के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
मृतकों की पहचान अस्थावां थाना क्षेत्र के चुलिहारी गांव निवासी विनोद राउत के 38 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार तथा पटना जिले के घोसवरी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुम्हरा गांव निवासी मुरारी राउत के 28 वर्षीय पुत्र पुटूस कुमार के रूप में की गई है। रिश्ते में दोनों ममेरे-फुफेरे भाई थे।
बाजार से लौटते समय हुआ हादसाः ग्रामीणों के अनुसार दोनों युवक ओईयाव बाजार से खरीदारी कर अपने गांव चुलिहारी लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक वाहन सहित फरार हो गया।
बताया जाता है कि पुटूस कुमार अपनी फुआ के यहां चुलिहारी गांव आया हुआ था। दोनों भाई एक साथ बाइक से घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हालः घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। अपनों का शव देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का दहाड़ मारकर रोना देख आसपास मौजूद लोग भी भावुक हो उठे। देखते ही देखते घटनास्थल पर भारी भीड़ जुट गई और पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया।
पुलिस जांच में जुटीः सूचना मिलते ही अस्थावां थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
अंचलाधिकारी रवींद्र कुमार चौपाल, इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिन्हा एवं थानाध्यक्ष उत्तम कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल मृतकों के परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद अग्रेत्तर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवालः इस हादसे ने एक बार फिर मुख्य मार्गों पर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मुख्य मार्गों पर नियमित गश्ती, स्पीड कंट्रोल और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की जाए, ताकि ऐसे हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।
बहरहाल, दो युवा जिंदगियों के असमय काल के गाल में समा जाने से चुलिहारी गांव समेत आसपास के क्षेत्रों में गहरा शोक व्याप्त है। स्रोतः अस्थावां रिपोर्टर







