एसएच-78 पर दर्दनाक हादसा: युवक को हेलमेट नहीं पहनना पड़ा महँगा, गई जान

पेट्रोल भरवाने निकला युवक बना सड़क हादसे का शिकार, गांव में पसरा मातम

चंडी (नालंदा दर्पण)। नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत एसएच-78 पर भीमसेन बिगहा गांव के समीप एक दर्दनाक  हादसा में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान बहादुरपुर गांव निवासी सुखदेव प्रसाद के 31 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार के रूप में की गई है। घटना की खबर मिलते ही गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

पेट्रोल भरवाने जा रहा था युवकः परिजनों के अनुसार सुनील कुमार घर से चंडी बाजार जाने के लिए निकला था। वह बाइक में पेट्रोल भरवाने हेतु सालेहपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान भीमसेन बिगहा के पास एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी और फरार हो गया।

ग्रामीणों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

हेलमेट नहीं पहनना पड़ा भारीः प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय सुनील कुमार ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। आशंका जताई जा रही है कि सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी जान चली गई। यदि उसने हेलमेट पहना होता तो शायद उसकी जान बच सकती थी।

परिवार में पसरा मातमः परिजनों ने बताया कि सुनील कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहा था। इसी वजह से परिवार के लोगों ने उसे बाजार जाने से मना किया था, लेकिन वह जिद कर बाइक लेकर निकल गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस जांच में जुटीः सूचना मिलते ही चंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉडल सदर अस्पताल, बिहारशरीफ भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके। इस हादसे ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सड़क पर थोड़ी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।  स्रोतः चंडी रिपोर्टर

Nalanda Darpan

नालंदा दर्पण (Nalanda Darpan) के संचालक-संपादक वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (Mukesh Bhartiy) पिछले 35 वर्षों से समाचार लेखक, संपादक और संचार विशेषज्ञ के रूप में सक्रिय हैं। उन्हें समसामयिक राजनीति, सामाजिक मुद्दों, स्थानीय समाचार और क्षेत्रीय पत्रकारिता पर गहरी पकड़ और विश्लेषणात्मक अनुभव है। वे तथ्य आधारित, निष्पक्ष और भरोसेमंद रिपोर्टिंग के माध्यम से पाठकों तक ताज़ा खबरें और सटीक जानकारी पहुँचाने के लिए जाने जाते हैं। एक्सपर्ट मीडिया न्यूज़ (Expert Media News) सर्विस द्वारा प्रकाशित-प्रसारित नालंदा दर्पण (Nalanda Darpan) के माध्यम से वे स्थानीय समाचार, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका मानना है कि स्थानीय पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी, प्रमाण और जनहित के साथ सामने रखना है। ताकि एक स्वस्थ समाज और स्वच्छ व्यवस्था की परिकल्पना साकार हो सके। More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.