एशियन हॉकी चैम्पियनशिप की ट्रॉफी गौरव यात्रा का भव्य स्वागत

बिहारशरीफ (नालंदा दर्पण)। नालंदा जिला एक ऐतिहासिक पल का साक्षी बना जब हीरो एशिया कप 2025 की ट्रॉफी गौरव यात्रा अपने अंतिम पड़ाव पर बिहारशरीफ पहुंची। इस अवसर पर बड़ी पहाड़ी फिटनेस पार्क में एक भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें सांसद कौशलेंद्र कुमार, जिलाधिकारी कुंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने ट्रॉफी का स्वागत किया। यह आयोजन न केवल खेल प्रेमियों के लिए उत्साहवर्धक रहा, बल्कि बिहार के लिए एक गर्व का क्षण भी साबित हुआ।

हीरो एशिया कप 2025 की ट्रॉफी गौरव यात्रा बिहार के विभिन्न हिस्सों से गुजरते हुए नालंदा पहुंची। इस यात्रा का उद्देश्य नालंदा और राजगीर में होने वाले इस प्रतिष्ठित हॉकी टूर्नामेंट के प्रति लोगों में उत्साह जगाना और बिहार की खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है।

बिहारशरीफ में आयोजित इस स्वागत समारोह में स्थानीय लोगों, एनसीसी कैडेट्स और नालंदा हॉकी टीम के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। ट्रॉफी को देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी, जिसने इस आयोजन को और भी यादगार बना दिया।

29 अगस्त से 7 सितंबर तक राजगीर के राजकीय खेल अकादमी सह खेल परिसर में आयोजित होने वाला हीरो एशिया कप 2025 पुरुष हॉकी टूर्नामेंट का 12वां संस्करण है। यह पहली बार है जब बिहार इस प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है।

इस टूर्नामेंट में भारत, चीन, जापान, चीनी ताइपे, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, कजाखिस्तान और बांग्लादेश की टीमें भाग लेंगी। यह आयोजन न केवल खेल के क्षेत्र में बिहार की क्षमता को प्रदर्शित करेगा, बल्कि पर्यटन कला और संस्कृति के क्षेत्र में भी राज्य की वैश्विक पहचान को मजबूत करेगा।

बिहारशरीफ के फिटनेस पार्क में आयोजित स्वागत समारोह में स्थानीय प्रशासन, खेल प्रेमी और आम जनता ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सांसद कौशलेंद्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि यह बिहार के लिए गर्व का क्षण है कि हम पहली बार इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी कर रहे हैं। यह नालंदा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और खेल के प्रति उत्साह को दर्शाता है।

जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने आयोजन की सफलता के लिए जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई, जबकि पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम की जानकारी दी।

इस ट्रॉफी गौरव यात्रा का अगला अंतिम पड़ाव राजगीर है। जोकि अपनी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर के लिए विश्व प्रसिद्ध है। इस टूर्नामेंट के आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना के तत्वावधान में इस आयोजन को भव्य और सफल बनाने के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

ट्रॉफी गौरव यात्रा को सफल बनाने में एनसीसी कैडेट्स और नालंदा हॉकी टीम की भूमिका सराहनीय रही। इन युवाओं ने न केवल यात्रा के दौरान व्यवस्था बनाए रखी, बल्कि स्थानीय लोगों में हॉकी के प्रति जागरूकता फैलाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। समारोह में नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त, जिला खेल पदाधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे, जिन्होंने इस आयोजन को और भी गरिमामय बनाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

अन्य समाचार