बिहार को 8 नई ट्रेनों की सौगात, बख्तियारपुर-राजगीर-तिलैया दोहरीकरण योजना मंजूर

राजगीर (नालंदा दर्पण) बिहार के रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को घोषणा की कि बिहार को जल्द ही चार अमृत भारत ट्रेनों सहित कुल आठ नई ट्रेनों की सौगात मिलने जा रही है। इनमें से पांच लंबी दूरी की ट्रेनें होंगी, जो बिहार के विभिन्न हिस्सों को देश के प्रमुख शहरों से जोड़ेंगी।

रेलमंत्री ने बताया कि इन नई ट्रेनों में पटना-नई दिल्ली- प्रतिदिन चलने वाली अमृत भारत ट्रेन, दरभंगा-लखनऊ- साप्ताहिक अमृत भारत ट्रेन, मालदा टाउन-लखनऊ- साप्ताहिक अमृत भारत ट्रेन, सहरसा-अमृतसर- अमृत भारत ट्रेन, जोगबनी-इरोड- सीमांचल से दक्षिण भारत को जोड़ने वाली नई ट्रेन शामिल हैं। इसके अलावा अररिया से गलगलिया के बीच तीन नई ट्रेनें अगले एक से दो महीनों में शुरू होंगी।

रेलमंत्री ने समस्तीपुर के कर्पूरीग्राम में रेल परियोजनाओं के शिलान्यास के बाद विशेष ट्रेन से दीघा हॉल्ट पहुंचकर कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि बिहार में रेल नेटवर्क को और मजबूत करने के लिए कई नई परियोजनाओं को जल्द मंजूरी दी जाएगी। इनमें भागलपुर-जमालपुर तीसरी लाइन- 53 किमी लंबी इस परियोजना पर 1156 करोड़ रुपये का निवेश, बख्तियारपुर-राजगीर-तिलैया दोहरीकरण- 104 किमी लंबी इस परियोजना के लिए 2017 करोड़ रुपये आवंटित, रामपुर हाट-भागलपुर दोहरीकरण- 177 किमी लंबी इस परियोजना पर 3000 करोड़ रुपये का निवेश शामिल हैं।

रेलमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार बिहार में रेलवे के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। नई ट्रेनों और दोहरीकरण परियोजनाओं से न केवल यात्रियों को सुविधा होगी, बल्कि क्षेत्रीय व्यापार और आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। खासकर बख्तियारपुर-राजगीर-तिलैया दोहरीकरण योजना से नालंदा और आसपास के क्षेत्रों में रेल यात्रा और माल ढुलाई में क्रांतिकारी बदलाव आएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

प्रमुख समाचार

सर्वप्रिय समाचार