एकंगरसरायनालंदाबिग ब्रेकिंगहादसाहिलसा

एकंगरसराय में दर्दनाक सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की चपेट से बाइक सवार वार्ड सदस्य की मौत

ढिबरापर गांव के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वार्ड सदस्य गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में मौत; पूरे क्षेत्र में शोक की लहर

एकंगरसराय (नालंदा दर्पण)। एकंगरसराय मुख्य मार्ग पर ढिबरापर गांव के समीप देर रात एक भीषण सड़क हादसे में वार्ड सदस्य की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही गंभीर रूप से चोटिल हो गए और बाद में अस्पताल में उनकी मौत हो गई। इस हादसे से पूरे इलाके में मातम पसर गया है।

मृतक की पहचान एकंगरसराय थाना क्षेत्र के जहानचक गांव निवासी यदुनंदन प्रसाद के 45 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार अभिषेक कुमार मंगलवार की देर रात अपने ससुराल हिलसा थाना क्षेत्र के कौड़िया बिगहा गांव से बाइक पर सवार होकर अपने घर जहानचक लौट रहे थे। इसी दौरान ढिबरापर गांव के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अभिषेक कुमार बाइक सहित सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस को सूचना दी और उन्हें इलाज के लिए हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। लेकिन ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

थाना अध्यक्ष अभिजीत कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक के परिजनों की ओर से आवेदन दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। अज्ञात वाहन की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस छानबीन में जुटी है।

अभिषेक कुमार एकंगरसराय प्रखंड के बाजराबाद पंचायत के वार्ड संख्या-07 के निर्वाचित वार्ड सदस्य थे। वे सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते थे और क्षेत्र में उनकी अच्छी छवि थी। उनकी असमय मृत्यु से पंचायत क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।

परिजनों के अनुसार वे अपने पीछे एक पुत्र और दो पुत्रियों को छोड़ गए हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल है और हर किसी की जुबान पर यही सवाल है कि आखिर सड़क पर इस तरह के हादसे कब थमेंगे।

समाचार स्रोत: मुकेश भारतीय / मीडिया रिपोर्ट्स

मुकेश भारतीय

संस्थापक-संचालक-संपादक मुकेश भारतीय वरिष्ठ पत्रकार हैं और राजनीति, प्रशासन, सरकार को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर पिछले 35 वर्षों से लेखन-संपादन करते आ रहे हैं। More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker