अपराधनालंदाबिग ब्रेकिंगराजगीर

राजगीर में पटना STF अलर्ट पर बड़ी कार्रवाई, हथियार और शराब के साथ दो गिरफ्तार

एसटीएफ अलर्ट पर बड़ी कार्रवाई, गिरियक पुलिस ने रात्रि में दी दबिश, भारी मात्रा में शराब और हथियार बरामद

राजगीर (नालंदा दर्पण)। पटना के विशेष कार्य बल (STF) द्वारा जारी अलर्ट के बाद गिरियक थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को हथियार और भारी मात्रा में शराब के साथ गिरफ्तार कर एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने मौके से एक देशी कट्टा, कारतूस, सैकड़ों पाउच देशी शराब, अंग्रेजी शराब की बोतलें तथा शराब पैकिंग से जुड़ी सामग्री बरामद की है। शराब ढोने में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली गई है।

डीएसपी सुनील कुमार सिंह के अनुसार एसटीएफ (STF) पटना से सूचना मिली थी कि अजय यादव उर्फ आजो अपने सहयोगियों के साथ पुलिस छापामारी दल पर फायरिंग की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही गिरियक थानाध्यक्ष ने वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए खुफिया सूचना संकलन शुरू कर दिया।

इसी क्रम में रात करीब साढ़े नौ बजे गुप्त सूचना मिली कि अजय यादव अपने एक साथी के साथ हथियार लेकर शराब बिक्री के उद्देश्य से राजगीर मोड़ की ओर जाने वाला है। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर राजगीर मोड़ के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।

करीब 10 बजे रात संगत मोड़ से नहर रोड की ओर से एक बाइक तेज रफ्तार में आती दिखाई दी। पुलिस द्वारा रोकने का इशारा किए जाने पर चालक ने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन तत्पर पुलिस बल ने पीछा कर दोनों को दबोच लिया।

तलाशी के दौरान बाइक पर रखे सफेद प्लास्टिक बोरे से 200-200 एमएल के 68 पाउच देशी शराब बरामद हुए। वहीं अजय यादव के कमर से एक लोडेड देशी पिस्तौल और अरविंद कुमार की जेब से एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।

पूछताछ के बाद दोनों की निशानदेही पर एक किराए के मकान में छापेमारी की गई, जहां से रॉयल स्टेग की 46 बोतल (375 एमएल), रॉयल चैलेंजर की 12 बोतल (375 एमएल), शराब पैकिंग रैपर के दो बंडल और एक सीलिंग मशीन जब्त की गई। बरामद सामग्री से संकेत मिलता है कि क्षेत्र में अवैध शराब पैकेजिंग और आपूर्ति का संगठित नेटवर्क संचालित किया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों ने पूछताछ में इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी उजागर किए हैं, जिन्हें फिलहाल गोपनीय रखा गया है। पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी की तैयारी कर रही है।

दोनों आरोपितों के विरुद्ध गिरियक थाना में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम तथा आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अजय यादव उर्फ आजो एवं अरविंद कुमार, दोनों निवासी निचली बाजार, थाना गिरियक, जिला नालंदा के रूप में हुई है।

छापेमारी दल में गिरियक थानाध्यक्ष श्रीकांत कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक राहुल कुमार, सहायक अवर निरीक्षक विभाकर चौधरी, राजेश कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

समाचार स्रोत: मुकेश भारतीय/मीडिया रिपोर्ट्स

Nalanda Darpan

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (mukesh bhartiy) पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.