भगवान महावीर महोत्सव का भव्य आगाज, पावापुरी अहिंसक क्षेत्र घोषित

पावापुरी (नालंदा दर्पण)। जैन धर्म के महान प्रवर्तक भगवान महावीर के 2550वें निर्वाण महोत्सव का आज ऐतिहासिक पावापुरी में भव्य शुभारंभ हुआ।

बिहार सरकार के जल संसाधन और संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलन कर इस वार्षिक महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया।

इस अवसर पर उन्होंने वर्तमान विश्व परिदृश्य में भगवान महावीर के उपदेशों की प्रासंगिकता पर जोर देते हुए कहा कि आज जब पूरा विश्व अशांति से गुजर रहा है। भगवान महावीर का अहिंसा और करुणा का संदेश पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गया है।

महोत्सव के दौरान एक ऐतिहासिक घोषणा करते हुए मंत्री चौधरी ने बताया कि जैन समुदाय की पुरानी मांग के मद्देनज़र पावापुरी क्षेत्र को ‘अहिंसक क्षेत्र’ घोषित किया गया है।

इस घोषणा का स्वागत करते हुए उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार अहिंसा के संदेश को बढ़ावा देने के लिए इसी प्रकार के अन्य प्रस्तावों पर भी विचार कर रही है।

महोत्सव का पहला दिन उत्सव और उल्लास से भरपूर रहा और अगली सुबह यानी 31 अक्टूबर को प्रसिद्ध गायक प्रसून पाठक और स्थानीय स्कूलों के छात्रों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

इस मौके पर ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, नालंदा सांसद कौशलेंद्र कुमार, राजगीर के विधायक कौशल किशोर सहित जिले के कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और जैन समुदाय के प्रमुख प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

यह महोत्सव विशेष इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि पावापुरी वह पवित्र स्थान है, जहां भगवान महावीर ने कार्तिक कृष्ण अमावस्या की प्रत्यूष बेला में मोक्ष प्राप्त किया था। यहां स्थित जल मंदिर, जैन धर्म के अनुयायियों के लिए एक अत्यंत पवित्र तीर्थस्थल है और पूरे देश से श्रद्धालु इस अवसर पर यहाँ एकत्रित होते हैं।

राज्य सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी की नीति भगवान महावीर के सिद्धांतों को सम्मान देने के उद्देश्य से जारी रहेगी। जिससे समाज में शांति और सद्भाव का वातावरण बनाए रखा जा सके।

भगवान महावीर महोत्सव के इस विशेष आयोजन में भगवान महावीर के सिद्धांतों के प्रति आस्था और श्रद्धा की झलक देखने को मिली। जो आने वाले समय में समाज को नई दिशा देने में सहायक होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

अन्य समाचार