हाई वोल्टेज ड्रामा: मोबाइल टावर पर चढ़ा गोलू, पुलिस ने बचाया 

राजगीर (नालंदा दर्पण)। नालंदा थाना क्षेत्र के माहुरी गांव में अहले सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। इस घटना ने पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। सुबह-सुबह टावर पर युवक को देखते ही ग्रामीणों में खलबली मच गई और कुछ लोगों ने तत्काल इसकी सूचना नालंदा थाना पुलिस को दी।

खबर मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतारा गया। युवक की पहचान सिलाव थाना क्षेत्र के पाकी गांव निवासी स्वर्गीय सुनील सिंह के पुत्र गोलू कुमार के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गोलू सुबह करीब 5 बजे मोबाइल टावर पर चढ़ गया था। टावर की ऊंचाई करीब 50 मीटर बताई जा रही है। जिसके चलते उसकी जान को गंभीर खतरा था। स्थानीय लोगों ने बताया कि गोलू मानसिक रूप से अस्वस्थ है और संभवत: इसी वजह से उसने यह जोखिम भरा कदम उठाया। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि वह पहले भी इस तरह के असामान्य व्यवहार में देखा गया है। घटना की जानकारी मिलते ही नालंदा थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने पहले युवक से बातचीत करने की कोशिश की। लेकिन वह ऊपर से कुछ भी जवाब नहीं दे रहा था। इसके बाद पुलिस ने रणनीति बनाई और स्थानीय लोगों की मदद से उसे समझाने का प्रयास किया। करीब दो घंटे की मेहनत के बाद गोलू को आखिरकार नीचे उतार लिया गया। इस दौरान आसपास के लोग टावर के नीचे जमा हो गए और सांसें थामे यह नजारा देखते रहे।

पुलिस ने गोलू को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह टावर पर क्यों चढ़ा था। नालंदा थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक के मानसिक रूप से अस्थिर होने की बात सामने आई है। लेकिन घटना के पीछे की असल वजह जानने के लिए उससे और उसके परिवार से बात की जा रही है।

इस घटना ने इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि मोबाइल टावर पर कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी। जिसके चलते युवक आसानी से उस पर चढ़ गया। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए टावरों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। वहीं, गोलू के सकुशल नीचे आने से ग्रामीणों और उसके परिवार ने राहत की सांस ली है।

Exit mobile version