हिलसा नगर परिषद का 82.03 करोड़ का बजट पारित, 26.66 लाख घाटे का अनुमान; मकानों पर 9% संपत्ति कर लागू

हिलसा (नालंदा दर्पण)। हिलसा नगर परिषद ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 82 करोड़ 3 लाख रुपये का बजट पारित कर दिया है। नगर परिषद कार्यालय के सभागार में मुख्य पार्षद धनंजय कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड बैठक में इस बजट को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। खास बात यह है कि यह बजट 26 लाख 66 हजार रुपये के अनुमानित घाटे के साथ तैयार किया गया है, जो परिषद की वित्तीय चुनौतियों की ओर इशारा करता है।

बजट के मुताबिक नगर परिषद को विभिन्न स्रोतों से 57 करोड़ 4 लाख रुपये की आय होने की उम्मीद है, जबकि 25 करोड़ 25 लाख रुपये प्रारंभिक शेष के रूप में जोड़े गए हैं। इसके बावजूद कुल व्यय 82 करोड़ 3 लाख रुपये तय होने के कारण बजट घाटे में रहने का अनुमान है।

मुख्य पार्षद धनंजय कुमार ने बताया कि इस बार बजट को पूरी तरह जनहित और शहर के समग्र विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें सड़क निर्माण, जलापूर्ति व्यवस्था, स्वच्छता अभियान, स्ट्रीट लाइट, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता दी गई है, ताकि नगरवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिल सकें।

आय बढ़ाने के लिए नगर परिषद ने सख्त और व्यवस्थित कदम उठाने का निर्णय लिया है। इसके तहत अब मकानों पर वार्षिक किराया मूल्य का 9 प्रतिशत संपत्ति कर वसूला जाएगा, जिसका हर पांच साल पर पुनरीक्षण किया जाएगा।

परिषद ने इस मद से आगामी वित्तीय वर्ष में लगभग 3 करोड़ रुपये वसूलने का लक्ष्य रखा है। साथ ही नए मकानों को होल्डिंग में शामिल करने और बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने की योजना भी बनाई गई है।

इसके अलावा पेशेवर वर्ग जैसे डॉक्टर, वकील और चार्टर्ड अकाउंटेंट से पेशाकर के रूप में करीब 25 लाख रुपये की आय का अनुमान है। वहीं सड़क किनारे की दुकानों, वाहन स्टैंड और नगर परिषद के बाजारों से भी राजस्व बढ़ाने की रणनीति बनाई गई है, जिससे लगभग 4 लाख रुपये की आय संभावित है।

खर्च के प्रमुख मदों पर नजर डालें तो स्थापना मद में 2 करोड़ 53 लाख रुपये, प्रशासनिक व्यय में 4 करोड़ 31 हजार रुपये, संचालन एवं अनुरक्षण के लिए 15 करोड़ 42 लाख रुपये, विभिन्न योजनाओं पर 7 करोड़ 90 लाख रुपये और स्थायी संपत्ति निर्माण के लिए सबसे अधिक 51 करोड़ 42 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इससे साफ है कि परिषद विकास कार्यों पर बड़ा निवेश करने जा रही है।

बैठक में उप मुख्य पार्षद दुर्गा कुमारी, नगर प्रबंधक कुमार गौतम, प्रधान सहायक अलवेला प्रसाद, पिंटू कुमार समेत अधिकांश वार्ड पार्षद उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

प्रमुख समाचार

सर्वप्रिय समाचार