
इस्लामपुर (नालंदा दर्पण)। नालंदा जिले के खुदागंज थाना क्षेत्र के अकुरी पर गांव में दहेज को लेकर एक विवाहिता की हत्या कर शव गायब कर देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद से विवाहिता की चार वर्षीय बेटी भी लापता बताई जा रही है। वहीं, आरोपित ससुराल वाले घर में ताला लगाकर फरार हैं। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में चिंता और आक्रोश का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान 23 वर्षीय पूजा कुमारी के रूप में हुई है। वह कराय परसुराय थाना क्षेत्र के फुल्लूपर गांव की रहने वाली थी। पूजा के भाई सुबोध कुमार ने खुदागंज थाने में तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि दहेज की मांग को लेकर उनकी बहन की हत्या कर दी गई और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को गायब कर दिया गया।
मामले को और गंभीर बनाने वाली बात यह है कि पूजा की चार वर्षीय बच्ची का भी कोई पता नहीं चल रहा है। घटना के बाद से ही बच्ची लापता बताई जा रही है। दूसरी ओर, आरोपितों के घर में ताला बंद मिलने और उनके फरार होने से परिजनों की चिंता बढ़ गई है।
पुलिस कर रही छापेमारी
खुदागंज थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार गहलोत ने बताया कि विवाहिता के भाई के आवेदन पर तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। विवाहिता के शव की बरामदगी और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल पुलिस के सामने विवाहिता के शव और चार वर्षीय बच्ची का पता लगाने के साथ-साथ घटना की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा करना बड़ी चुनौती है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही हत्या के आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।
- सूर्यनगरी औंगारीधाम: द्वापर युग की मान्यता और छठ आस्था का अनोखा संगम
- राजगीर सूर्यकुंड में गर्म जल से होती है छठ पूजा, जानिए 22 कुंड और 52 धाराओं का रहस्य
- नालंदा में पटना ले जा रहे 395 कार्टून अंग्रेजी शराब जब्त, हरियाणा का चालक गिरफ्तार






