Home थरथरी थरथरी में बिजली चोरी करते पांच लोग धराए, 2.32 लाख का जुर्माना,...

थरथरी में बिजली चोरी करते पांच लोग धराए, 2.32 लाख का जुर्माना, एफआईआर

थरथरी (नालंदा दर्पण)। थरथरी थाना क्षेत्र के भातु बिगहा गांव में बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग ने सघन छापेमारी अभियान चलाया। यह कार्रवाई कनीय विद्युत अभियंता संकेत कुमार के नेतृत्व में की गई, जिसमें मीटर से छेड़छाड़ कर बाइपास के जरिए अवैध रूप से बिजली उपयोग करने के आरोप में पांच लोगों को पकड़ा गया।

अभियान के दौरान विभागीय टीम ने कई घरों में कनेक्शन की जांच की। जांच में सामने आया कि कुछ उपभोक्ताओं ने मीटर को दरकिनार कर सीधे लाइन जोड़कर बिजली का उपयोग किया जा रहा था।

कनीय विद्युत अभियंता संकेत कुमार ने बताया कि यह छापेमारी पूर्व सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर की गई। जांच में स्पष्ट रूप से मीटर बाइपास कर बिजली उपयोग के मामले मिले हैं।

उन्होंने कहा कि बिजली चोरी से विभाग को राजस्व हानि होती है और इसका सीधा असर ईमानदार उपभोक्ताओं पर पड़ता है। इसलिए ऐसे मामलों में सख्ती जरूरी है।

इन लोगों पर लगा जुर्माना

जांच के बाद जिन उपभोक्ताओं को दोषी पाया गया, उनके विरुद्ध विद्युत अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए थरथरी थाना में आवेदन दिया गया है। विभाग की ओर से कमलेश प्रसाद पर ₹36,291, महेन्द्र प्रसाद  पर ₹52,038, मनोज कुमार पर ₹55,914, योगेंद्र प्रसाद पर ₹3,394 एवं धर्मेंद्र प्रसाद पर ₹50,823 अर्थदंड लगाया गया है। इस छापेमारी में कुल ₹2,32,460 का जुर्माना निर्धारित किया गया है।

संकेत कुमार ने स्पष्ट किया कि थरथरी प्रखंड के हर गांव में बिजली चोरी के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जाएगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे वैध कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करें। नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में मानव बल के रूप में राकेश कुमार, मुकेश कुमार और चंदन कुमार शर्मा की सक्रिय भूमिका रही।

( थरथरी से नालंदा दर्पण के लिए मनीष कुमार की रिपोर्ट )

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version