दूसरी पत्नी की कुदाल से काटकर हत्या के आरोपी का शव मिला
इस्लामपुर (नालंदा दर्पण)। इस्लामपुर थाना क्षेत्र के गुलजारबाग इलाके में दिल दहला देने वाली घटना के बाद पूरा क्षेत्र दहशत में है। कुदाल से दूसरी पत्नी का गला काटकर हत्या करने वाले आरोपी पति का शव आज सुबह बाबा ईंट भट्ठा के पास बरामद हुआ है।
सूत्रों के मुताबिक आरोपी ने बीते दिन अपनी दूसरी पत्नी की कुदाल (फावड़ा) से काटकर बेरहमी से हत्या की थी। जिसके बाद से वह फरार था। आज अचानक उसका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत देखकर पुलिस ने आशंका जताई है कि मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है।
घटनास्थल पर पुलिस टीम पहुंचकर जांच में जुट गई है। फिलहाल हत्यारोपी की मौत के सही कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह आत्महत्या है, हादसा या फिर किसी ने उसकी भी हत्या कर दी।
इस वारदात से गुलजारबाग और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है, जबकि लोग इस दोहरी मौत के पीछे की सच्चाई जानने को बेचैन हैं। पुलिस ने मामले की तफ्तीश तेज कर दी है।





