Saturday, February 14, 2026
अन्य

    हिलसा कोर्ट परिसर से हथकड़ी सरकाकर फरार हुआ कैदी, मचा हड़कंप

    हिलसा (नालंदा दर्पण)। हिलसा थाना पुलिस की अभिरक्षा से एक सनसनीखेज घटना में आरोपित चंदन कुमार कोर्ट परिसर से फरार हो गया, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। यह घटना उस समय घटी, जब शराब तस्करी के एक मामले में गिरफ्तार हिलसा थाना क्षेत्र के त्रिलोक बिगहा गांव निवासी अर्जुन यादव का 20 वर्षीय चंदन कुमार को न्यायालय में पेश किया गया। इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और कैदियों की निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

    जानकारी के अनुसार चंदन कुमार को शराब तस्करी के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। उसे मंगलवार को हिलसा कोर्ट में पेश करने के लिए लाया गया था। कोर्ट परिसर में कागजी कार्रवाई के दौरान पुलिस की लापरवाही का फायदा उठाकर चंदन ने हथकड़ी सरकाकर भागने में सफलता हासिल की।

    प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कोर्ट परिसर में सुरक्षा के मानकों का पालन नहीं किया गया था। कोर्ट के अंदर और बाहर पुलिसकर्मियों की तैनाती तो थी। लेकिन उनकी लापरवाही के कारण चंदन की गतिविधियों पर कोई विशेष ध्यान नहीं दिया गया।

    इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े किए हैं। कोर्ट परिसर जैसी उच्च सुरक्षा वाली जगह से एक कैदी का फरार हो जाना न केवल पुलिस की निगरानी व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है, बल्कि यह भी साबित करता है कि सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन नहीं किया जा रहा है।

    स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस चूक को गंभीर लापरवाही करार देते हुए उनकी कार्यशैली पर नाराजगी जताई है। एक वकील राम प्रसाद ने कहा कि कोर्ट जैसे संवेदनशील स्थान पर ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती। पुलिस को अपनी जिम्मेदारी को और गंभीरता से लेना होगा।

    इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हिलसा थाना पुलिस ने तुरंत फरार आरोपित की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी। पुलिस और सशस्त्र बल के जवान संभावित ठिकानों पर दबिश दे रहे हैं।

    मामले की गंभीरता को देखते हुए हिलसा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) सुमीत कुमार ने स्वयं जांच की कमान संभाली है। उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर लापरवाही का मामला है। हम इसकी पूरी जांच कर रहे हैं। दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और फरार आरोपित को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

    बहरहाल पुलिस ने फरार आरोपित की तलाश तेज कर दी है। आसपास के इलाकों में नाकेबंदी की गई है और संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी जारी है। डीएसपी सुमीत कुमार ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है। ताकि यह पता लगाया जा सके कि चंदन किस दिशा में भागा और उसने फरार होने के लिए किस रास्ते का इस्तेमाल किया।

    Nalanda Darpanhttps://nalandadarpan.com/
    नालंदा दर्पण (Nalanda Darpan) के संचालक-संपादक वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (Mukesh Bhartiy) पिछले 35 वर्षों से समाचार लेखक, संपादक और संचार विशेषज्ञ के रूप में सक्रिय हैं। उन्हें समसामयिक राजनीति, सामाजिक मुद्दों, स्थानीय समाचार और क्षेत्रीय पत्रकारिता पर गहरी पकड़ और विश्लेषणात्मक अनुभव है। वे तथ्य आधारित, निष्पक्ष और भरोसेमंद रिपोर्टिंग के माध्यम से पाठकों तक ताज़ा खबरें और सटीक जानकारी पहुँचाने के लिए जाने जाते हैं। एक्सपर्ट मीडिया न्यूज़ (Expert Media News) सर्विस द्वारा प्रकाशित-प्रसारित नालंदा दर्पण (Nalanda Darpan) के माध्यम से वे स्थानीय समाचार, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका मानना है कि स्थानीय पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी, प्रमाण और जनहित के साथ सामने रखना है। ताकि एक स्वस्थ समाज और स्वच्छ व्यवस्था की परिकल्पना साकार हो सके।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

    आपकी खबरें

    error: Content is protected !!